बीते दिन रविवार को सागर शहर में एक युवक का खून से सना शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। सागर में मोतीनगर थाना क्षेत्र के काकागंज वार्ड के पंतनगर इलाके में पत्थर से सिर कुचलकर युवक की हत्या कर दी गई थी। युवक का शव रविवार को सड़क किनारे खून से लथपथ अवस्था में पड़ा मिला है। युवक के शव को देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। मिली जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह पंतनगर इलाके में सड़क किनारे खून से लथपथ अवस्था में शव पड़ा था। आसपास के लोगों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने वारदात स्थल पर पहुंचकर घटनाक्रम से जुटे साक्ष्य जुटाए हैं। प्राथमिक जांच में यह सामने आया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या की गई है। मृतक की पहचान दीपेश अहिरवार उम्र 25 साल निवासी पंतनगर के रूप में हुई थी।
इस हत्याकांड के बाद पुलिस हत्यारों की तलाश में जुट गई थी तथा घटना वाले दिन ही एक संदेही को हिरासत में ले लिया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी लगी कि वर्ष 2022 में दीपेश के साथ अन्नू चौबे एवं उसके साथियों ने मारपीट की थी। दीपेश ने उनके खिलाफ रिपोर्ट की थी, जिसका केस न्यायालय में चल रहा है और उसी प्रकरण में समझौता करने के विवाद में यह हत्याकांड हुआ है।
आरोपी अन्नू उर्फ चंद्रकांत पिता रामवचन चौबे उम्र 38 साल निवासी पतंनगर वार्ड सागर दो कलू उर्फ शिवराज पिता मुन्नालाल लोधी उम्र 32 साल निवासी पंतनगर वार्ड सागर तीन अभय पिता चंद्रभान घोषी उम्र 27 साल कनेरा देव सागर को पुलिस अभिरक्षा लेकर सूक्ष्मता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने मृतक द्वारा पुराने प्रकरण में समझौता न करने से पत्थर पटककर हत्या करना स्वीकार किया है। आरोपियों द्वारा बताए स्थान से खून से सने कपड़े और जूते जो आरोपी द्वारा घटना के समय पहने गए थे। बरामद किए गए आरोपी गण को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। आरोपीगण अपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं, जिनके विरूद्ध विभिन्न अपराधिक मामले पंजीबद्ध हैं।