सागर जिले के रजवांस क्षेत्र में लापता 22 वर्षीय छात्र रोहित अहिरवार का शव 36 घंटे बाद खेत के कुएं में मिला। घटनास्थल पर खून के निशान, मोबाइल और सामान बरामद हुए। गले पर कट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
सागर जिले की रजवांस पुलिस चौकी अंतर्गत खुरई रोड स्थित एक वेयरहाउस के पीछे खेत में बने कुएं में सोमवार को 22 वर्षीय युवक का शव तैरता मिला। युवक पिछले दो दिनों से रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता था। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रोहित अहिरवार पिता रघुवीर अहिरवार निवासी इनायतपुर थाना खिमलासा के रूप में हुई है। रोहित सागर से अपने गांव लौट रहा था, लेकिन रास्ते में रजवांस क्षेत्र से अचानक गायब हो गया। मामले ने उस समय गंभीर मोड़ ले लिया, जब रिलायंस टावर के पास युवक का मोबाइल फोन, जूते, बैग और खून के धब्बे मिले।
एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने खंगाला घटनास्थल
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। मौके पर एडिशनल एसपी संजीव उइके, एसडीएम मनोज चौरसिया, तहसीलदार कमलेश सतनामी, थाना प्रभारी सुम्मेर जागेत, चौकी प्रभारी विजय पटेल सहित जिले के कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। बड़ी संख्या में समाजजन और नगरवासी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अब पूरे क्षेत्र में एक ही सवाल गूंज रहा है कि आखिर पढ़ाई कर घर लौट रहे युवक के साथ ऐसा क्या हुआ कि उसकी लाश कुएं में मिली?
एएसपी बोले- प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार उइके ने बताया कि मृतक खिमलासा थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी था और अपने भाई के साथ सागर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उन्होंने बताया कि युवक दोपहर में अपने भाई को गांव जाने की जानकारी देकर निकला था। उसकी अंतिम लोकेशन रजवांस क्षेत्र में मिली थी, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। सागर के कैंट थाने में गुम इंसान दर्ज किया गया था और पिछले दो दिनों से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी।