सागर जिले में पंचायत उपनिर्वाचन के अंतर्गत सरपंच पद के लिए पेपरलेस तरीके से मतदान संपन्न कराए गए। यह प्रयोग मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किया गया। जिले की तीन जनपद पंचायतों में चार सरपंच पदों के लिए मंगलवार सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान हुआ। इस दौरान जनपद पंचायत खुरई के ग्राम मुहासा, जनपद पंचायत जैसीनगर के ग्राम अगरा, औरिया एवं जनपद पंचायत राहतगढ़ के ग्राम सेमरा लहरिया में सरपंच पद के प्रत्याशी के लिए शांतिपूर्ण वोटिंग हुई। इस दौरान कुल 74.61 प्रतिशत मतदान हुआ, अब 26 जुलाई को मतगणना होगी।
पंचायत उपचुनाव में बदले रूप को लेकर लोग भी मतदान करने के लिए उत्सुक दिखे। ग्राम पंचायत औरिया के मतदाता रामराज सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्हें मतदान की यह प्रक्रिया ज्यादा बेहतर लगी। इसमें पारदर्शिता है और तेजी से मतदान कार्य हो गया। साथ ही इसमें फर्जी मतदान की आशंका शून्य है। उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि सरकार इस प्रक्रिया को लोकसभा और विधानसभा चुनाव में भी लागू करे।