सागर में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर कथित धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का मोतीनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जबकि मुख्य आरोपी फरार है। पुलिस ने मोबाइल फोन, बैंक रिकॉर्ड और वित्तीय दस्तावेज जब्त किए हैं।
सागर में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लोगों से कथित धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का मोतीनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने काकागंज स्थित वर्धमान कॉलोनी में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का मुख्य आरोपी करण चौरसिया फरार है। पुलिस ने मौके से 12 मोबाइल फोन, 8 बैंक खातों से संबंधित रिकॉर्ड और 60 से 70 लाख रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
गुरुवार दोपहर 2 बजे मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि बीते दिन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वर्धमान कॉलोनी के एक मकान में भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की अनुमति के बिना शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर लोगों से कथित तौर पर अवैध लाभ कमाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। यहां से सौरभ रैकवार, अनिल नामदेव और दीपक राजपूत (तीनों निवासी सागर) को गिरफ्तार किया गया।