सार
बीना रेलवे जंक्शन के पुराने, करीब एक साल से बंद गुड्स केबिन में सड़ा-गला नर कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। पहचान संभव नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर एफएसएल टीम बुलाई है। डीएनए जांच के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
बीना रेलवे जंक्शन के पुराने गुड्स केबिन में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब वहां से एक सड़ा-गला नर कंकाल बरामद हुआ। केबिन पिछले करीब एक वर्ष से बंद था। कंकाल मिलने की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस (GRP) और आरपीएफ के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव की स्थिति इतनी खराब है कि उसकी पहचान करना फिलहाल असंभव है।
मिली जानकारी के अनुसार रेलवे का पुराना गुड्स केबिन लंबे समय से बंद पड़ा था। सोमवार को जब एक रेल कर्मचारी किसी काम से केबिन का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुआ, तो वहां का दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई। अंदर जमीन पर हड्डियों का ढांचा पड़ा हुआ था, जिसमें से मांस पूरी तरह गल चुका था। कर्मचारी ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन प्रबंधन और पुलिस को दी।
एक साल पुराना हो सकता है शव
प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि यह कंकाल करीब एक साल पुराना है। चूंकि केबिन बंद था, इसलिए दुर्गंध बाहर नहीं आ सकी और मामला दबा रहा। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मृतक केबिन के अंदर कैसे पहुंचा और क्या यह मामला आत्महत्या का है या किसी ने हत्या कर शव को यहां छुपाया था।
ये भी पढ़ें- भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले सीएम डॉ. मोहन यादव, दी बधाई
एफएसएल टीम करेगी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए सागर से एफएसएल (Forensic Science Laboratory) की विशेष टीम को बुलाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव पूरी तरह कंकाल में तब्दील हो चुका है। सागर से फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है, जो साक्ष्य जुटाएगी। पोस्टमार्टम और डीएनए टेस्ट के बाद ही शिनाख्त और मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर आसपास के जिलों और थानों से पिछले एक साल में लापता हुए लोगों की सूची मंगवाई है, ताकि मृतक की पहचान की जा सके।