सागर के थाना मालथौन अंतर्गत नेशनल हाइवे-44 पर भीषण सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी और एक बच्ची की मौके पर मौत हो गई। बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार, कार में सवार दंपती बच्चों के साथ रायपुर (छत्तीसगढ़) से हरियाणा जा रहे थे। शाम पांच बजे के तकरीबन थाना मालथौन क्षेत्र बरोदिया कलां पुलिस चौकी अंर्तगत हाइवे-44 पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे से टकरा गई। रफ्तार के कहर ने कार में सवार पति-पत्नी और बेटी की जान ले ली। बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा बरोदिया कलां के एक ढाबे के सामने खड़े ट्रक के साथ हुआ। हादसा देख बड़ी संख्या में आसपास के लोग जमा हो गए। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के पिछले हिस्से में कार अंदर घुस गई, अगला हिस्सा बुरी तरह से चकनाचूर हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार सवार लोगों को बड़ी मशक्कत निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां दंपती और बेटी को मृत घोषित कर दिया, बेटे को गंभीर हालत में जिला अस्पताल एंबुलेंस से रेफर कर दिया गया। रायपुर निवासी पति-पत्नी और बेटे-बेटी के साथ एक्सयूवी फॉर्च्यूनर कार क्रमांक सीजी-18 एन-0009 में सवार होकर हरियाणा जा रहे थे।
पुलिस और लोगों की मदद से जेसीबी मशीन की सहायता से कार में सवार लोगों को बड़ी मुश्किल से निकाला गया। कार में सवार सुमित सहरवान, उनकी पत्नी सविता सहरवान की कार में ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उनकी बेटी एकता की मालथौन अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई और बेटे सनी को गंभीर हालत में सागर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि कार सवार रायपुर छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। ऐसा बताया जा रहा है कि कार सवार रायपुर से हरियाणा जा रहे थे। घटना किस वजह से हुई इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं है। लेकिन बताया जा रहा है कि कार का टायर फटने की वजह से घटना हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है। तीनों के शव मालथौन के मर्चुरी में रखवा दिए गए हैं। फिलहाल, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच कर रही है।