सागर में आगामी दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। अवैध विस्फोटक सामग्री और पटाखों के अवैध भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत सागर पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 15 लाख रुपये से अधिक कीमत के अवैध पटाखे बरामद किए हैं। इससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
मोतीनगर थाना पुलिस ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए धर्माश्री के पास स्थित एक आवासीय कॉलोनी में दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर की गई इस कार्रवाई के दौरान रोशन केशरवानी के आवास से 29 कार्टूनों में रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत नौ लाख रुपये है। घनी आबादी के बीच और पास ही विद्युत ट्रांसफार्मर होने के बावजूद मकान में भारी मात्रा में अवैध पटाखे छिपाकर रखे गए थे। इससे किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
उधर, शाहगढ़ क्षेत्र में एसडीओपी बंडा डॉ. रोहित लखेरा के नेतृत्व में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पांच लाख रुपये मूल्य के अवैध पटाखे जब्त किए। पहली कार्रवाई हनुमान टोरा स्थित एक गोदाम में की गई, जहां से पटाखों के 18 बॉक्स बरामद किए गए। इनकी कीमत करीब दो लाख रुपये है। इस मामले में रिजवान खान के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई जमनेरा तिराहे पर की गई, जहां पवन ताम्रकार के कब्जे से 15 बोरों में भरे लगभग 500 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए गए। इनकी कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है।
इसके अतिरिक्त, बीना थाना क्षेत्र के गांधी वार्ड में जीएनटी स्कूल के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 65 वर्षीय कपूरचंद कटारे के कब्जे से 1,51,900 रुपये मूल्य के अवैध पटाखे जब्त किए। आरोपी ने मकान के बाहर और कमरों के आसपास अनार, चकरी, फुलझड़ी और बम जैसी आतिशबाजी सामग्री असुरक्षित तरीके से रखी थी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें- उज्जैन: जय श्री महाकाल के उद्घोष से गूंजा मंदिर, भस्म आरती में दिखा बाबा का दिव्य स्वरूप
सागर पुलिस जिले में अब तक इस तरह की 15 से अधिक कार्रवाइयां कर चुकी है। त्योहार को सुरक्षित बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण या विक्रय करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही करती पुलिस- फोटो : credit
कार्यवाही करती पुलिस- फोटो : credit
कार्यवाही करती पुलिस- फोटो : credit