जिले की बंडा विधानसभा के अंतर्गत ग्राम बरा में एक शादी समारोह के दौरान हुई हिंसा में एक व्यक्ति की जान चली गई। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे मृतक के परिजनों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया। इस हंगामे के कारण बरा क्षेत्र में यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और तनाव की स्थिति निर्मित हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के पिपरिया छक्का निवासी पप्पू उर्फ कंछेदी रजक अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए ग्राम बरा आए थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान खाना खाते समय पप्पू का एक स्थानीय युवक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि युवक ने पप्पू के साथ मारपीट कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: MP: रक्षक बना भक्षक, नाबालिग को कागजों पर बनाया 'जवान', फिर ढाया जुल्म; SI की गुंडागर्दी पर हड़कंप
परिजनों द्वारा घायल अवस्था में उन्हें तुरंत दमोह जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बरा में प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना के संबंध में मृतक के परिजन अशोक ने बताया कि शादी की खुशियों के बीच मामूली विवाद पर हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों ने मांग की है कि जब तक दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा। फिलहाल सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और परिजनों को समझाइश देकर जाम खुलवाया गया है।