फल व्यापारी की दुकान में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
सागर में बीना के शास्त्री वार्ड नई सब्जी मंडी स्थित एक फल व्यापारी की दुकान में अज्ञात कारण से आग लग गई, जिससे वहां रखा सामान जलकर खाक हो गया। जानकारी के अनुसार, सब्जी मंडी में विष्णु पिता मटरुलाल खटीक की विजय फ्रूट्स के नाम से दुकान है।
दुकानदार ने बताया कि रात में उसकी दुकान में आग लग गई, इसकी जानकारी धर्मेन्द्र खटीक ने उसे दी। जब वह दुकान पर पहुंचा तो भीषण आग लगी हुई थी, इसके लिए लोगों ने नगर पालिका में फोन लगाया। लेकिन किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया, इसके बाद करीब डेढ़ घंटे बाद नगर पालिका कर्मचारी मौके पर पहुंचे, तब तक दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था।
विष्णु ने बताया कि तरबूज की गाड़ी खाली हुई थी। आग से तरबूज, प्लास्टिक की कैरेट, बही खाता, करीब एक लाख रुपये नकद, तीन हाथ ठेला, दो इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे सहित दुकान में रखी अन्य सामग्री जल गई। दुकानदार का आरोप है कि वहां पर शॉर्ट-सर्किट जैसा कुछ नहीं था, किसी ने आगजनी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है।