डेढ़ साल की बच्ची को बेदर्दी से मारती मां
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन में एक डेढ़ साल की बच्ची की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है। एक निर्दयी मां ने मासूम बच्ची को पहले बेरहमी से पीटा और उसे एक हाथ से खींचते हुए उठाकर घर से बाहर फेंक दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद चाइल्ड लाइन ने मामले पर संज्ञान लिया है।
मामला उज्जैन की बड़नगर तहसील का बताया जा रहा है। चाइल्ड लाइन के टोल फ्री नंबर 1098 पर बच्ची की पिटाई की सूचना मिली थी। चाइल्ड लाइन को मिली शिकायत के अनुसार बताया गया कि बड़नगर के जुना शहर बालाजी मंदिर के पास रहने वाली बालिका लतिका पिता धर्मेंद्र चौहान (उम्र करीब डेढ़ साल) की मां कोमल पति धर्मेंद चौहान हर दिन बच्ची को बेरहमी से पीटती है।
बच्ची की मारपीट की शिकायत के बाद चाइल्ड लाइन की टीम ने 24 फरवरी को मामले की जांच की। टीम बालिका के घर पहुंची और पड़ोस के लोगों से बातचीत की, जिसमें पता चला कि बच्ची के साथ मारपीट की शिकायत पूरी तरह से सही है। चाइल्ड लाइन को बच्ची की मां के द्वारा मारपीट करने का एक वीडियो भी मिला। वीडियो के आधार पर चाइल्ड लाइन ने पुलिस को बच्ची की मां पर मामला दर्ज करने का आवेदन दिया है।