सतना पुलिस ने इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
सतना शहर के सर्किट हाउस में सेंट्रल बैंक के सामने दिन दहाड़े शराब कंपनी के मुनीम की हत्या और 15 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले एक और इनामी अपराधी को सतना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे सतना में कोर्ट कैम्पस से पकड़ा गया।
आरोपी अभिषेक निषाद को गिरफ्तार कर लिया। उस पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यूपी के शातिर अपराधियों की गैंग का मैंबर अभिषेक छह मार्च को हुई वारदात के बाद से फरार चल रहा था। बुधवार को वह सतना की अदालत में सरेंडर करने पहुंचा था, लेकिन इसकी खबर पुलिस को पहले ही लग गई थी। मंगलवार से ही पुलिस उसकी तलाश में लगी थी। बुधवार की दोपहर वह कार से अदालत पहुंचा, लेकिन इससे पहले कि वह कोर्ट रूम में दाखिल हो पाता, सिटी कोतवाली पुलिस की टीम ने उसे दबोच लिया। उसे पूछताछ के लिए ले जाया गया है।
बता दें, छह मार्च को सेंट्रल बैंक के सामने यूपी के शातिर अपराधियों की गैंग ने भाटिया शराब कंपनी के मुनीम संजय की उस वक्त बीच सड़क पर गोली मार कर हत्या कर दी थी, जब वह रकम जमा करने बैंक गया था। जैसे ही संजय कार से उतरा, वैसे ही उसे गोलियों से छलनी कर रुपयों से भरा बैग लूट कर बाइक सवार आरोपी फरार हो गए। वारदात में शामिल रहे एक आरोपी आनंद सागर यादव को यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था, जबकि सरगना जेडी उर्फ जिलेदार और सुभाष यादव को कोलकाता से पकड़ा गया था।
एक आरोपी नीलेश यादव को सतना पुलिस महाराष्ट्र के ठाणे से पकड़ लाई थी। इसके अलावा आरोपी गौरव बरगाही, मनीष बरगाही एवं दीप नारायण पांडेय उर्फ दीपक को इन सबसे पहले ही बंदी बनाया जा चुका था। एक अन्य आरोपी राहुल जायसवाल ने आनंद सागर के एनकाउंटर के बाद सतना की अदालत में सरेंडर किया था।