सार
दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र में हरथली-सागोद मार्ग पर मैजिक वाहन की टक्कर से साइकिल सवार 13 वर्षीय मनीष मईड़ा की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय भाई राजेश घायल हो गया। दोनों बहन के लिए दवा लेने जा रहे थे। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के हरथली-सागोद मार्ग पर बहन के लिए दवा लेने जा रहे दो छोटे भाइयों की की साइकिल को मैजिक वाहन ने टक्कर मार दी। इससे साइकिल पर सवार छोटे भाई की मौत हो गई। बड़ा भाई घायल हो गया। उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम हरथली निवासी पारस मईडा और उनकी पत्नी खेत पर काम कर रहे थे। गुरुवार शाम को उनकी बेटी के सिर में दर्द होने लगा। इस पर 13 वर्षीय मनीष मईडा और उससे छोटा भाई 12 वर्षीय राजेश मईडा साइकिल पर बहन लक्ष्मी के लिए दवा लेने ग्राम सागोद जा रहे थे। तभी रास्ते में मैजिक वाहन ने साइकिल को टक्कर मार दी। इससे मनीष और राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर आसपास के लोग पहुंचे तथा घायल भाइयों को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बड़े भाई मनीष की मौत हो चुकी थी। डॉक्टर ने परीक्षण कर मनीष को मृत घोषित किया। इसके बाद उसका शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया।
ये भी पढ़ें- बच्चों को HIV संक्रमित रक्त चढ़ाने का मामला, तीन कर्मचारी सस्पेंड, पूर्व सिविल सर्जन को नोटिस जारी
चार भाई-बहनों में सीतरे नंबर का था मृतक
मृतक मनीष मईड़ा चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था तथा कक्षा आठवीं में पढ़ता था। उसकी एक बड़ी बहन 17 वर्षीय लक्ष्मी, बड़ा भाई 14 वर्षीय विनोद तथा सबसे छोटा भाई राजेश है। सूचना मिलने पर माता-पिता और अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। घायल राजेश ने बताया कि वह साइकिल चल रहा था। बड़ा भाई मनीष पीछे बैठा हुआ था। घटना के बाद मैजिक चालक भाग गया। पुलिस के अनुसार मैजिक वाहन जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।