फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ratlam: पांच दिन से लापता युवक का कुएं में मिला शव, सिगरेट के ज्यादा रुपए लेने की बात पर हुआ था विवाद

Wed, 06 Nov 2024 09:50 PM IST
दिनेश शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम

सार

सिगरेट के ज्यादा दाम वसूलने को लेकर विवाद के बाद युवक का शव कुएं से बरामद किया गया है। युवक की पांच दिनों से तलाश की जा रही थी। शव मिलने के बाद छह लोगों पर केस दर्ज किया गया है। 
विज्ञापन
रतलाम में पांच दिन से लापता युवक का शव कुएं में मिला है। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पांच दिन पहले उज्जैन से रतलाम के ग्राम परवलिया आए युवक का शव पांच दिन बाद बुधवार शाम परवलिया डेरे के पास कुएं से बरामद हुआ। युवक का बांछड़ा डेरों के पास स्थित दुकान पर सिगरेट के ज्यादा दाम वसूलने को लेकर विवाद हुआ था। युवक का शव जिस कुएं से बरामद हुआ है उस कुएं की घटना स्थल से मात्र 100 मीटर की दूरी है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए जावरा अस्पताल पहुंचाया। 
विज्ञापन


उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र निवासी मृतक लोकेश पिता भंवरलाल तंबोलिया (23) 1 नवंबर को अपने भाई रोहित तंबोलिया, दोस्त आनंद उर्फ अभिषेक, रोहित कुमार, लखन, गोलू, गट्टू, कार्तिक और सौरभ के साथ उज्जैन से सांवलियाजी जाने के लिए निकला था। उसी दौरान सभी दोस्त रतलाम जिले के जावरा-नीमच फोरलेन स्थित ग्राम परवलिया में बांछड़ा डेरे के पास स्थित ढाबे पर रुके थे। लोकेश और सोमिक के अलावा सभी साथी डेरे में घूमने चले गए। लोकेश ने रोड किनारे स्थित यश चौहान के किराना दुकान से सिगरेट ली। 
दुकानदार द्वारा 10 रुपए की सिगरेट के 15 रुपए लेने को लेकर लोकेश और दुकान संचालक यश के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने मामले को संभाल लिया। स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया जिसके बाद उज्जैन निवासी युवक ढाबे पर खाना खाने चला गया। जब मृतक लोकेश खाना खाकर ढाबे से बाहर निकला तो दुकानदार यश और उसके साथी खड़े थे। सिगरेट की बात को लेकर दोनों के बीच फिर से विवाद हो गया और दुकान संचालक ने अपने साथियों के साथ लोकेश की पिटाई कर दी। लोकेश का छोटा भाई रोहित समेत सात दोस्त डेरा घूमने के बाद वापस उज्जैन लौट गए। 
विज्ञापन


सोमिक ने पुलिस को बताया कि लोकेश ने दोस्त आनंद को कॉल कर कहा था कि मैं तो निकल गया, अब तुम भी निकल जाओ। इसके बाद सभी वहां से चले गए, लेकिन बाद में लोकेश को कॉल किया तो मोबाइल बंद मिला। रातभर लोकेश को तलाश किया लेकिन वह नहीं मिला तो सभी वापस उज्जैन चले गए। घर पर तलाश किया तो पता चला कि लोकेश नहीं आया। तब वापस उज्जैन से ढोढर पुलिस चौकी पर आकर गुमशुदगी दर्ज करवाई।

लोकेश के दोस्तों का कहना है कि ढोढर पुलिस चौकी ने समय रहते ध्यान नहीं दिया। एसपी अमित कुमार को इस बारे में जानकारी मिलने पर वह परवलिया पहुंचे। उसके बाद ग्राम परवलिया निवासी यश, रिंकू, पीयूष समेत 6 लोगों के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज किया। साथ ही क्षेत्र में विवाद होने और समय पर ध्यान नहीं देने पर लापरवाही के चलते एसपी अमित कुमार ढोढर पुलिस चौकी प्रभारी कन्हैया अवस्या को भी सस्पेंड कर चुके है। साथ ही युवक की तलाश के लिए एसआईटी गठित की थी।

मृतक युवक लोकेश सीएम डॉ. मोहन यादव के गृह जिले का निवासी था जिसके चलते राजनीतिक दबाव भी शुरू हो गया था। जिसके बाद एसपी अमित कुमार ने युवक की तलाश को लेकर 6 टीमें बनाई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश मिलने के बाद एसपी कुमार, एएसपी राकेश खाखा समेत पुलिस के अधिकारियों ने परवलिया क्षेत्र में ही डेरा डाल दिया। जिस दुकान पर विवाद हुआ था वह दुकान भी अतिक्रमण में मिली। अतिक्रमण के चलते पुलिस ने जेसीबी से उसे हटा दिया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सर्चिग की।

बुधवार सुबह से पुलिस की टीम लापता लोकेश को तलाशने में लगी थी। यहां तक परवलिया क्षेत्र में फोरलेन किनारे फैले अतिक्रमण को भी प्रशासन की मदद से पुलिस ने हटवाया। तब भी कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। लेकिन पुलिस और प्रशासन ने अपनी कार्रवाई की। पुलिस ने पिछले 48 घंटे में क्षेत्र के आसपास के 100 से अधिक कुओं और पूरे गांव में सर्चिंग की। बुधवार को पुलिस ने वॉटर प्रूफ ड्रोन का भी सहारा लिया। कुएं में वाटर ड्रोन डालकर सर्चिग की। शाम होते-होते पुलिस को विवाद वाले स्थान से 100 मीटर दूर स्थित कुएं में शव मिला। पुलिस ने शव को निकालकर पीएम के लिए जावरा अस्पताल भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें