रतलाम के माणकचौक थाना क्षेत्र में बच्चों की पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद गुरुवार रात मुस्लिम समाज के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। वे घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। वहीं मामले में सियासत भी गर्मा गई है। ओवैसी सहित कांग्रेस ने घटना को लेकर आक्रोश जताया है।
दरअसल रतलाम के वीडियो पुराना बताया जा रहा है। इस वायरल वीडियो में 6, 9 और 11 साल के तीन बच्चों को एक युवक चप्पल से पीटता और गाली-गलौज करता नजर आ रहा है। साथ ही वह बच्चों से धार्मिक नारे भी लगवा रहा है। युवक ने बच्चों पर सिगरेट पीने का आरोप लगाते हुए उनके अभिभावकों के नंबर मांगने की बात कही। इस दौरान दूसरा व्यक्ति वीडियो बना रहा था। वीडियो अमृतसागर तालाब के पास बन रहे एम्यूजमेंट पार्क का बताया जा रहा है। घटना माणकचौक थाना क्षेत्र की है, और बच्चे भी वहीं के रहने वाले हैं।
मुस्लिम समाज ने की कार्यवाही की मांग
रतलाम में तीन बच्चों की पिटाई का करीब डेढ़ माह पुराना वीडियो सामने आने के बाद गुरुवार रात मुस्लिम समाजजनों ने माणकचौक थाने का घेराव कर दिया। वे बच्चों के साथ मारपीट करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। हालांकि पुलिस ने मारपीट करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
रतलाम में करीब डेढ़ माह पुराना एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक तीन बच्चे जिनकी उम्र 6, 9 और 11 वर्ष है उनके साथ मारपीट कर रहा है। साथ ही मारपीट करने वाले युवक का साथी वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। वीडियो में युवक पहले तो तीनों बच्चों के साथ हाथ से मारपीट कर रहा है, लेकिन तीन बच्चों में से एक बच्चा जब पीड़ा होने पर जब अपने धर्म के आराध्य का नाम लेता है तो युवक उसके साथ सैंडल निकालकर मारपीट करना शुरू कर देता है जिसके बाद तीनों बच्चे डर के मारे दूसरे धर्म का नारा लगाने लगते हैं। वीडियो में युवक बच्चों को कह रहा है कि सिगरेट पीना सीख रहे हो। तुम्हारे बाप के नंबर बताओ। साथ में युवक गाली देता हुआ भी नजर आ रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद रात में बड़ी संख्या में धर्म विशेष के लोग माणकचौक थाने के बाहर एकत्रित हो गए। थाने के बाहर बढ़ती भीड़ को देखते हुए एएसपी राकेश खाखा, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, डीएसपी अजय सारवान समेत शहर के सभी थाना प्रभारी, बिलपांक थाना प्रभारी समेत पुलिस फोर्स तैनात हुआ। समाजजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर भीड़ को समझा कर रवाना किया।
एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि एक वीडियो वायरल हुआ है। समाजजन एफआईआर की मांग कर रहे थे। वीडियो एक से डेढ़ माह पुराना बताया जा रहा है। साइबर व पुलिस टीम को लगाया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात दो आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी एवं धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। मामले में एक की गिरफ्तारी हुई है।
ओवैसी ने भाजपा पर कसा तंज
असदुद्दीन ओवैसी भी मामले को लेकर आक्रोशित हैं, उन्होंने एक्स पर लिखा कि दो नाबालिग लड़के जो 3 मुसलमान बच्चों को पीट रहे थे और उनसे JSR के नारे लगवा रहे थे, उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। ये कैसा समाज है जिसके लोग अपने भगवान की भक्ति खुद नहीं करते, बल्कि गैर-मजहब के लोगों को मार-पीट कर उनसे नारे लगवाते हैं? सोचिए, इन लड़कों का सामाजिक माहौल और उनकी परवरिश कैसी हो रही है कि ये अब से ही लिंचिंग में कोर्स कर चुके हैं। सवाल ये है कि क्या भाजपा के मुख्यमंत्री खुद इन लड़कों की गुलपोशी करेंगे या मोदी के कोई मंत्री को बुलाया जाएगा? इन लड़कों में वो सारे गुण हैं जो भाजपा के एक भावी नेता में होने चाहिए।
कांग्रेस नेता भी भड़कीं
कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि बच्चों के मुंह पर चप्पल मार-मार कर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का नाम बुलवाने वाले धर्म के इस स्वयंभू ठेकेदार की जगह जेल में है। मामला मध्य प्रदेश के रतलाम का है। यह हिंसक लुच्चे लफ़ंगे हिंदू नहीं बल्कि हिंदू धर्म पर धब्बा हैं।
भाजपा ने दिया जवाब
कांग्रेस को जवाब देते हुए भाजपा नेता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि चिंता ना करे बहन सुप्रिया श्रीनेत जी , मध्य प्रदेश में डॉ.मोहन यादव जी की सरकार है , कानून का राज है , कानून हाथ में लेने वाले किसी भी शख़्स को बख्शा नहीं जाता है...
सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मारपीट करने वाले आरोपी के विरुद्ध थाना माणकचौक पर धारा 296, 115(2), 126(2), 351(2), 196 और 3 (5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही कर दी गई है, लेकिन अच्छा होता मुंबई की एक घटना में एक बच्चे से जबरन अल्लाह हो अकबर बुलवाने वाले शख़्स पर भी कार्यवाही को लेकर आपका इसी तरह का ट्वीट आता...? हिंदू बच्चे को तो आप लुच्चा , लफ़ंगा , हिंदू धर्म पर धब्बा लिख रहे हो , जरा एक वर्ग विशेष के इस तरह का अपराध करने वाले लोगो के लिये भी कभी ऐसी ही भाषा लिखकर बताइये....?
सर तन से जुदा की धमकी मिल जाती....
सलूजा ने आगे लिखा कि हिंदू सहिष्णु है , सहनशील है , इसलिये आप जैसे लोगो की ऐसी भाषा सुन लेता है...मध्यप्रदेश में हाल ही में घटित कई घटनाओं में एक वर्ग विशेष के लोगो के नाम सामने आए है... थाने पर हमले की घटना से लेकर , दुष्कर्म , माहौल ख़राब करने की कोशिश , उपद्रव जैसी घटनाओं में...लेकिन उन लुच्चो-लफ़ंगो , समाज पर धब्बा लोगो के लिये आपका एक ट्वीट भी नहीं दिखा...? लेकिन चिंता ना करे प्रदेश की मोहन यादव जी की सरकार उनका भी अच्छा इलाज किया है....