क्षतिग्रस्त कार को मौके से हटाकर पुलिस थाने में रखवाया गया।
- फोटो : credit
महू-नीमच हाईवे पर जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर ग्राम धराड़ के पास स्थित पुलिया पर उस समय खतरनाक हादसा हो गया, जब कार पुलिया की दीवार से टकरा गई। हादसे में रतलाम के बाल चिकित्सालय में पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ और उनके ससुर की मौत हो गई तथा पांच परिजन घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण ड्राइवर को नींद की झपकी लगने से होना सामने आया है, मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से ग्वालियर के रहने वाले बाल चिकित्सालय में पदस्थ शिशु रोग विशेषज्ञ 45 वर्षीय मनीष सिंह, उनकी पत्नी 39 वर्षीय सरस्वती, पुत्री सात वर्षीय सयाना व रैवा, साढू अनुज गुप्ता, ससुर 80 वर्षीय शिवनारायण राजौरिया निवासी भोपाल व अनुज गुप्ता की पत्नी 42 वर्षीय लवली गुप्ता रविवार व सोमवार की दरमियानी रात भोपाल से कार (एमपी-04सीजेड-5519) से रतलाम लौट रहे थे। तभी रात करीब साढ़े तीन बजे ग्राम धराड के समीप कार असंतुलित होकर पुलिया की दीवार से जा टकराई। इससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार सभी लोग घायल हो गए। सूचना मिलन पर बिलपांक थाने से पुलिस अधिकारी व जवान तथा टोल नाके की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों व एंबुलेंस के कर्मचारियों ने घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉ. मनीष सिंह को मृत घोषित किया गया तथा शेष घायलों को भर्ती किया गया। इलाज के दौरान कुछ समय बाद डॉ. मनीष सिंह के ससुर शिवनारायण राजौरिया की भी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें-
मंच पर क्यों रोने लगे नरोत्तम?: दतिया से भाजपा प्रत्याशी के लिए दिया भाषण, आंसू निकले तो सीएम ने बंधाया ढांढस
एक वर्ष पहले भोपाल स स्थानांतरित होकर आए थे
डॉ. मनीष सिंह भोपाल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर पदस्थ रह चुके हैं। करीब एक वर्ष पहले ही वे वहां से स्थानातंरित होकर रतलाम आए थे। जून 2026 में रतलाम की सीएमएचओ डॉ. संध्या बेरसेरे अवकाश पर गई थी, तब करीब एक माह तक डॉ. मनीष सिंह रतलाम के प्रभारी सीएमएचओ के पद पर भी पदस्थ रहे।
नींद की झपकी से हादसा होने की जानकारी मिली
पुलिस ने घटना स्थल पर क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को वहां से हटवाया। वहीं मेडकिल कॉलेज से डॉ. मनीष सिंह के घायल परिजनों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया है। बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि कार डॉ. मनीष सिंह के साढ़ू अनुज गुप्ता चला रहे थे, उन्हें नींद की झपकी लगने से कार अंतुलित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई। मामले की जांच की जा रही है।
क्षतिग्रस्त कार को मौके से हटाकर पुलिस थाने में रखवाया गया।- फोटो : credit