हिंदू संगठन के लोगो ने सड़क पर बैठकर किया हनुमान चालीसा का पाठ
रतलाम जिले के सैलाना में मोहर्रम के जुलूस के दौरान हिंदू राष्ट्र लिखे बैनर को जलाने की कोशिश का वीडियो वायरल होने के बाद तनाव की स्थिति बन गई। मोहर्रम के जुलूस के दौरान मुंह में पेट्रोल भरकर एक युवक आग को हिंदू राष्ट्र लिखे बैनर की तरफ फूंकता दिख रहा है। युवक द्वारा छोड़ी गई आग से बैनर एक कोने से जल गया है। घटना से नाराज हिंदू संगठनों के लोगों ने मस्जिद चौराहे पर सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की।
रविवार-सोमवार की रात मोहर्रम के जुलूस के दौरान मस्जिद चौराहे पर लगे हिंदू राष्ट्र के बैनर को जुलूस में शामिल अखाड़े के युवक ने मुंह में पेट्रोल भरकर करतब दिखाते हुए जलाने की कोशिश की। सोमवार को वीडियो वायरल होने के बाद हिंदू संगठनों के लोगों में आक्रोश फैल गया। सर्व हिंदू समाज सहित अन्य संगठनों ने घटना को जानबूझकर की गई हरकत बताया। इसे भगवा ध्वज का अपमान कहा। सोमवार को बाजार बंद रख कर हिंदू समाज के लोग मस्जिद चौराहे पर धरने पर बैठ गए और हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें-
मोहर्रम के जुलूस में आपस में भिड़े युवाओं के दो गुट, पुलिस ने चलाई लाठियां
इस दौरान हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि मोहर्रम के जुलूस के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी युवक को ऐसी हरकत करने से रोकने की कोशिश नहीं की। हिंदू समाज ने आरोपी के खिलाफ रासुका के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर सैलाना एसडीओपी नीलम बघेल, रतलाम ग्रामीण एसडीओपी किशोर पाटनवाला और थाना प्रभारी सुरेश गडरिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा और हिंदू संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा की।
ये भी पढ़ें-
जुलूस के समय उज्जैन में बवाल, 16 के खिलाफ केस दर्ज; उन्मादियों ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की
एएसपी राकेश खाखा ने बताया कि फिलहाल, पुलिस वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है। एहतियातन इलाके में बल तैनात किया गया है। आश्वासन दिया कि चार लोगों और आयोजनकर्ता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद हिंदू संगठन द्वारा प्रदर्शन खत्म किया गया।