वह कार जिसने मारी थी बाइक को टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
महू–नीमच हाईवे पर रतलाम से करीब 16 किलोमीटर दूर प्रकाश नगर पुलिया के पास एक कार ने पीछे से बाइक पर जा रहे किसान को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। मृतक गांव के उप सरपंच भी हैं।
जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय किसान संजू गुर्जर पिता कैलास गुर्जर, निवासी ग्राम जमुनिया, सोमवार शाम अपने गेहूं तुलवाने के लिए ग्राम बिलपांक स्थित समर्थन मूल्य केंद्र जा रहे थे। उनका गेहूं से भरा ट्रैक्टर पहले ही ड्राइवर के साथ भेजा जा चुका था, जबकि वे स्वयं बाइक से पीछे-पीछे जा रहे थे।
पढ़ें: यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवक से 53 लाख की ठगी, क्रिप्टो निवेश के नाम पर जालसाजों ने लगाया चूना
जैसे ही वे प्रकाश नगर पुलिया के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किसान बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। कार के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा और वाहन बेकाबू होकर रुक गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोग और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल किसान को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगलवार सुबह भेजा जाएगा। पुलिस आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है।