संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
रतलाम एक बार फिर सुर्खियों में है। पूर्व में जहां रतलाम से एनआईए ने आतंकी संगठन सुफा से जुड़े आतंकियों को जयपुर में बम ब्लास्ट की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया था, तो वहीं अब रांची एनआईए ने रतलाम एटीएस के साथ मिलकर आतंकी संगठन ISIS से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एनआईए ने आलोट के खजूरी देवड़ा गांव से 21 वर्षीष युवक राहुल सेन को गिरफ्तार किया है। रांची में NIA ने हाल ही में फहजान अंसारी नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके ISIS से सीधे संबंध हैं। फहजान की निशानदेही पर ही NIA रांची ने रतलाम में दबिश देकर राहुल को पकड़ा है। एनआईए ने रतलाम पुलिस, एटीएस के साथ मिलकर इस युवक को गिरफ्तार किया है।
आलोट से पकड़ाए राहुल के फहजान से सीधे संबंध हैं। दोनों इंस्टाग्राम के माध्यम से जुड़े हुए हैं। NIA ने राहुल के पास से ISIS का झंडा, चाकू और एक सिम भी बरामद की है। राहुल सोशल मीडिया पर उमर नाम से अकाउंट बनाकर अपनी गतिविधियां संचालित कर रहा था। राहुल के इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और यूट्यूब पर भी चैनल मिले हैं। पुलिस राहुल के लोकल कनेक्शन तलाश रही है। साथ ही आतंकी संगठन से कब जुड़ा और उसके मंसूबे क्या थे इसकी जांच में रतलाम पुलिस जुटी है।
इंस्टाग्राम पर हैं एक से अधिक आईडी
राहुल खजूरी देवड़ा गांव में मजदूरी का काम करता है। उसने इंस्टाग्राम पर एक से ज्यादा आईडी बना रखी हैं। वह राहुल सनातनी व उमर के नाम से भी इंस्टाग्राम आईडी चलाता है। इस पर वह हथियारों के साथ फोटो पोस्ट करता था। राहुल के पिता आलोट में सैलून चलाते हैं।
गिरफ्तार आरोपी फैजान से सोशल मीडिया से जुड़ा था राहुल
राहुल फैजान अंसारी के साथ सोशल मीडिया पर जुड़ा था। झारखंड के लोहरदगा का रहने वाला फैजान डार्क नेट के माध्यम से ISIS आतंकियों के संपर्क में था। वह लोहरदगा में युवाओं का ब्रेनवॉश कर दहशत फैलाने की ट्रेनिंग दे रहा था। कई युवाओं को ISIS में शामिल होने के लिए फैजान ने राजी कर लिया था। NIA ने करीब दो महीने पहले फैजान को दबोचा था। उसके खिलाफ NIA की रांची शाखा में 19 जुलाई को FIR दर्ज की गई थी। उस पर UAPA (गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम) से संबंधित धाराएं लगाई गई हैं। NIA से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, फैजान दो साल पहले लोहरदगा से अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी पढ़ाई करने गया था। यहीं वह ISIS के संपर्क में आया था। लोहरदगा लौटने के बाद वह आतंकी गतिविधियों में लग गया था। उसके पिता फिरोज अंसारी बीएसएनएल में कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी हैं।
ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया राहुल
रांची एनआईए ने राहुल सेन को आलोट स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर पांच दिन के ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि में एनआईए पता लगाने का प्रयास करेगी कि राहुल और किस संगठन से जुड़ा है और क्या गतिविधियां संचालित की जा रहीं थीं।