रतलाम शहर से विधायक चेतन्य काश्यप का स्वास्थ्य सोमवार शाम खराब हो गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के रतलाम शहर से विधायक चेतन्य काश्यप का स्वास्थ्य सोमवार शाम खराब हो गया। देर शाम उन्हें निजी चिकित्सालय ले जाया गया था, जहां से प्राथमिक जांच के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया है। विधायक काश्यप के स्वास्थ्य को लेकर चल रही अटकलों पर उनके परिवार में विराम लगाया है। परिवार का कहना है कि उनका स्वास्थ्य सामान्य है। चिंता की कोई बात नहीं है। सिर्फ कुछ जांचों के लिए उन्हें इंदौर ले जाया गया है।
बताया जा रहा है कि रतलाम शहर विधायक चेतन्य काश्यप को सुबह से ही गैस की समस्या हो रही थी। इसके बावजूद बहुत सुबह शहर के समीप स्थित करमदी में विशाल शिवलिंग के अनावरण के कार्यक्रम में शामिल हुए थे और पूजा अर्चना की थी। यहां पर मंदिर परिसर में पैर फिसल गया था जिससे मोच आई थी, लेकिन स्थिति पूरी तरह सामान्य थी।
कार्यक्रम किया निरस्त
विधायक काश्यप को दोपहर 2 बजे एक अन्य कार्यक्रम में भी शिरकत करनी थी, लेकिन पैर में दर्द होने और गैस की समस्या के कारण वे नहीं जा सके। उसके बाद शाम तक घर पर आराम कर रहे थे। देर शाम फिर से उन्हें गैस की समस्या होने पर वे निजी अस्पताल में जांच के लिए गए थे। जहां प्राथमिक जांच के बाद उन्हें अन्य जांचों के लिए इंदौर जाने की सलाह दी गई थी, जिसके बाद विधायक काश्यप रात में इंदौर के लिए रवाना हो गए।
परिवार ने जारी किया संदेश
विधायक चेतन्य काश्यप के स्वास्थ्य खराब होने की बात शहर में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद उनके शुभचिंतक और पार्टी कार्यकर्ता उनके यहां जमा होने लगे थे। इस बीच आमजन की जिज्ञासा दूर करने के लिए परिवार के द्वारा संदेश भी प्रसारित किया गया, जिसमें बताया कि विधायक काश्यप का स्वास्थ्य सामान्य, चिंता की बात नहीं है। उन्हें स्वास्थ्य की सामान्य जांच के लिए इंदौर ले जाया गया है। सोमवार दोपहर से गैस्ट्रिक समस्या होने पर काश्यप स्वास्थ्य परीक्षण हेतु सूबेदार नर्सिंग होम गए थे। डॉ. सूबेदार के परामर्श पर अन्य सामान्य जांचों के लिए उन्हे इंदौर ले जाया गया है। काश्यप परिवार ने स्वास्थ्य लाभ के लिए शुभकामनाएं देने वाले सभी शुभ चिंतकों को धन्यवाद ज्ञापित किया है।