रतलाम जिले की राजस्थान सीमा से लगे पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा में पुलिस ने दबिश देकर एमडी ड्रग्स बनाने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। यह अवैध फैक्टरी गांव के चौकीदार यूसुफ खान के रिश्तेदार सलीम उर्फ राजू के पोल्ट्री फार्म में संचालित की जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य सरगना जमशेद लाला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
टीम ने तीन-चार दिन तक क्षेत्र में निगरानी की
सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात सूचना मिली कि सलीम उर्फ राजू के पोल्ट्री फार्म में ड्रग्स बनाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने दबिश दी, जहां चार लोग गैस भट्टी पर केमिकल से नशीला पदार्थ तैयार करते मिले। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में 42 वर्षीय जमशेद खान उर्फ जमशेद लाला निवासी देवल्दी (प्रतापगढ़, राजस्थान), 45 वर्षीय यूसुफ खान निवासी बोरखेड़ा, 40 वर्षीय सलीम उर्फ राजू निवासी बन्नाखेड़ा (जावरा) और 35 वर्षीय रईस खान निवासी राकोदा शामिल हैं।
अब तक करीब 250 किलो एमडी तैयार कर सप्लाई कर चुका है गिरोह
एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी जमशेद लाला अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है और उसे एमडी बनाने का “डॉक्टर” कहा जाता है। वह पिछले 7-8 वर्षों से इस अवैध धंधे में लिप्त है और अब तक करीब 250 किलो एमडी तैयार कर सप्लाई कर चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं और वह मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले में फरार था।
पुलिस के अनुसार, दबिश से एक दिन पहले ही यहां से करीब तीन किलो एमडी सप्लाई की गई थी। अब पुलिस उन लोगों की तलाश कर रही है, जो आरोपियों को केमिकल उपलब्ध कराते थे और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है। मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।