रतलाम में अंबे माता मंदिर को गूगल मैप्स पर कर दिया कहकशां मस्जिद।
- फोटो : अमर उजाला
गूगल मैप्स से छेड़छाड़ कर अंबेमाता मंदिर को कहकशां मस्जिद बताने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ माहौल खराब करने का आरोप है। इस शरारत पर हिंदू संगठनों और ग्रामीणों ने आपत्ति ली थी।
मामला रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र के ग्राम भदवासा का है। यहां अंबेमाता मंदिर है, जिसे कहकशां मस्जिद लिख दिया था। ग्रामीणों को जब पता चला कि शाहरुख नाम के युवक ने ऐसा किया है तो वे जमा हो गए। कुछ लोगों ने शाहरुख को बुलाकर पूछताछ की। नामली थाना प्रभारी प्रीति कटारे भी टीम के साथ गांव में पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि शाहरुख ने गूगल मैप्स पर छेड़छाड़ की है। इसके साथ ही उसका स्क्रीनशॉट लेकर इंटरनेट पर वायरल कर दिया।
पुलिस ने मोबाइल जब्त किए
पुलिस ने इस मामले में 27 वर्षीय शाहरुख, उसके मित्र 29 वर्षीय आमीन व 17 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया है। तीनों के मोबाइल भी जब्त कर लिए हैं। इस मामले में राजेश पाटीदार ने आरोपित शाहरुख के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पाटीदार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर गूगल मैप खोला तो पाटीदार समाज के अंबेमाता मंदिर को कहकशां मस्जिद लिखा था। कटारे ने बताया कि शाहरुख के खिलाफ आईपीसी की धारा 295ए के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। उसके दोस्त के खिलाफ आईपीसी की धारा 151 के तहत कार्रवाई कर जेल भेजा है।