मध्य प्रदेश के सतना जिले में शादी का झांसा देकर 3 साल तक युवती से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार मैहर थाना पुलिस ने युवती की शिकायत के बाद दुष्कर्म के आरोप में विनोद साहनी पिता रामदास साहनी (28) निवासी रेनू सागर थाना अनपरा सोनभद्र उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
मैहर पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रक ड्राइवरी करता है। वह मैहर के भरौली स्थित रिलायन्स सीमेंट प्लांट में वाहन लेकर आता जाता रहता था। इस दौरान युवती से उसकी जान पहचान हो गई। आरोपी ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने लगा। करीब तीन साल तक ये सिलसिला लगातार चलता रहा।
युवती ने शादी करने की बात कही तो आरोपी टाल मटोल करता रहा। कई बार शादी की बात कहने के बाद भी आरोपी तैयार नहीं हुआ तो युवती को धोखे का एहसास हुआ। जिसके बाद उसने मैहर थाना में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का शिकायत दर्ज कराया। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर मैहर स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।