पानी में कूदने के बाद तैरकर बाहर निकला युवक
- फोटो : अमर उजाला
राजगढ़ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली छोटी पुलिया पर सोमवार की देर रात एक युवक अपनी बाइक सहित पुलिया से नीचे कूद गया, जिसे पुलिस और होमगार्ड की टीम पानी में तलाश करती रही, लेकिन वह तैरकर थाने पहुंच गया।
जानकारी के मुताबिक, नदी में बाइक सहित छलांग लगाने वाले युवक का नाम विट्ठल पिता गंगाराम है, जो की राजस्थान प्रदेश के धनोती गांव का निवासी है, जो अपनी पत्नी के दो साल से मायके से वापस न आने से इतना परेशान हो गया कि उसने आत्महत्या करने के लिए बाइक सहित राजगढ़ शहर की छोटी पुलिया से पानी में छलांग लगा दी। लेकिन वह तैरना जानता था, इसलिए बच गया और तैरकर ही अर्धनग्न अवस्था में कोतवाली थाने जा पहुंचा, जिसे मौके पर मौजूद बचाव दल लगभग दो घंटे तक पानी में ही ढूंढता रहा।
पुलिस के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी की एक युवक राजगढ़ शहर की छोटी पुलिया पर से बाइक सहित नीचे कूद गया है, जिसकी सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व होमगार्ड की रेस्क्यू टीम ने लगभग दो घंटे तक युवक की तलाश की। जहां से उसकी बाइक तो मिल गई, लेकिन उसका कही कोई सुराग नहीं लगा। दो घंटे के पश्चात बचाव दल को पता चला कि पानी में कूदने वाला शख्स तैरकर पानी से बाहर निकल गया है। कोतवाली थाने में पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि इस युवक की पत्नी लगभग दो साल से मायके में है, जो की वापस लौटकर नहीं आ रही, जिसकी शिकायत युवक पुलिस से भी कर चुका है। लेकिन उसकी सुनवाई नहीं की गई, जिस कारण परेशान होकर उसने बाइक सहित नदी में छलांग लगा दी।
वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी वीर सिंह ठाकुर के अनुसार युवक की पत्नी ने उसे छोड़ दिया है, जिस कारण वह दुखी है और उसने इस तरह का कदम उठाया। हालांकि युवक की स्थिति सामान्य है और वह पूर्ण रूप से स्वस्थ है, जिसे समझाने के प्रयास किए जा रहे हैं और उसकी काउंसलिंग की जा रही है।