राजगढ़ जिले की पुलिस ने बीते कुछ महीने से घटित होने वाली ट्रैक्टर चोरी का खुलासा किया है। इसमें पुलिस ने छह ट्रैक्टर जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 42 लाख रुपये के लगभग आंकी गई है। वहीं, 12 आरोपियों को देश के अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है।
राजगढ़ एसपी आदित्य मिश्रा ने मंगलवार को ट्रैक्टर चोरी का खुलासा करते हुए बताया कि राजगढ़ क्षेत्र में बीते कुछ महीने से हो रही ट्रैक्टर चोरी को हमने ट्रैस किया है, जिसे अंतरराज्यीय गिरोह के द्वारा अंजाम दिया जा रहा था। 12 आरोपियों को हमने गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से छह ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
एसपी ने बताया कि चोरी के ट्रैक्टर खरीदने में मुख्य भूमिका निभाने वाला आरोपी पंजाब और हरियाणा से ताल्लुक रखते हैं, जिसमें मुख्य आरोपी जसमीत पिता रेशम सिंह हैं, जिसका नाम लगातार चोरी के ट्रैक्टर खरीदने में आता रहा है। लेकिन वह अभी तक किसी भी प्रदेश की पुलिस की गिरफ्त में नहीं था, जिसे हमने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
वहीं, एसपी आदित्य मिश्रा आगे बताते हैं कि विवेचना के दौरान कुछ ऐसी बातें भी निकलकर सामने आई हैं कि कुछ जगह के RTO ऑफिस के अधिकारी इनके साथ मिलकर चोरी के ट्रैक्टर के फर्जी दस्तावेज तैयार करके उपलब्ध करा देते थे। उन्हें ऑनलाइन भी सबमिट कर दिया जाता था, जिस कारण इंजन नंबर और चेसीस नंबर भी ऑनलाइन रिकॉर्ड में सही साबित होते हैं। अन्य थाने या जिले की पुलिस जब चोरी गए ट्रैक्टर की तस्दीक करने के लिए जाती तो ये कन्फर्म नहीं हो पाता था कि ट्रैक्टर वाकई चोरी का है भी या नहीं। इस बार ये लोग नंबर प्लेट्स बदलने में देर कर गए और पुलिस जल्दी इनके पास पहुंच गई।
आपको बता दें, राजगढ़ जिले की पुलिस ने उत्तर प्रदेश से तीन, राजस्थान से दो और हरियाणा से एक ट्रैक्टर जब्त किया है। जब्त किए गए कुल छह ट्रैक्टर की कीमत 42 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, पुलिस ने आरोपी जसवीर पिता रेशम सिंह, मुस्ताक पिता इस्माइल, आदिल पिता अजीज खां, बिलाल खां मेवाती पिता खलील मेवाती, काशीराम भील, दीवान भील, प्रगट सिंह, आसिफ पिता अंसार, मनोज पिता लक्ष्मीनारायण राठौर, आबिद पिता आमीन खां, जीतराम पिता नाथूलाल मीना और मोनू उर्फ मंटू पिता घनश्याम को गिरफ्तार किया है। शेष आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश पुलिस के द्वारा की जा रही है।