मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने जिस अंदाज से इस बार राजगढ़ लोकसभा का चुनाव लड़ा है। शायद ही किसी ने ऐसा किया हो। क्योंकि 77 साल की उम्र में वे अपने क्षेत्र में पैदल भी चले और बढ़ी सभाओं को दरकिनार करते हुए गांव-गांव में चौपाल लगाई। वहीं, ईवीएम पर सवालिया निशान खड़े करने वाले दिग्विजय सिंह स्ट्रॉन्ग रूम में रखी ईवीएम मशीनों पर तगड़ी नजर रखे हुए हैं और वे छोटी-छोटी बातों पर भी गौर करते हुए नजर आ रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला 27 मई को गुना जिले में रखी राजगढ़ व गुना लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा गुना और चाचौड़ा का है, जिनकी ईवीएम गुना के स्ट्रॉन्ग रूम में रखी हुई है। उसकी अचानक लगभग आधा घंटे के लिए बत्ती एक साथ अचानक गुल हो गई, जिसको लेकर दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स व एफबी पर पोस्ट करते गुना कलेक्टर को चेताया है।
दिग्विजय सिंह ने गुना कलेक्टर को टैग करते हुए पोस्ट किया है कि आज गुना EVM Strong Room में प्रातः 5:58 से 6: 31 तक सीसीटीवी मॉनिटर एलईडी राजगढ़ व गुना लोक सभा क्षेत्र के विस गुना और विस चांचौड़ा की एक साथ बंद हो गए। इसकी सूचना मिलने पर 6:31 बजे सुबह पर चालू कराई गई। इनकी एक साथ बंद होने का कारण पूछा तो सुधारने वाले ने कारण कनेक्शन हटना बताया। मेरा ज़िला प्रशासन से अनुरोध है, कृपया इसे पूर्ण गंभीरता से लें और इसकी पुनरावृत्ति न हो।
गौरतलब है कि दिग्विजय सिंह इसके पूर्व में राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के स्ट्रॉन्ग रूम के निरीक्षण के दौरान एसएलयू को लेकर राजगढ़ जिला प्रशासन को घेर चुके हैं और जिला निर्वाचन सहित प्रदेश निर्वाचन आयोग पर सवालिया निशान खड़े कर चुके हैं।