फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्य प्रदेश: देवास में टीआई दिलीप पुरी हत्याकांड के मुख्य आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, आरोपी के पैर में लगी गोली

Wed, 04 Nov 2026 12:14 AM IST
प्रशांत तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।

सार

टीआई दिलीप पुरी की हत्या के मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ अक्कू ने पुलिस वाहन का टायर पंचर होने पर भागने की कोशिश की। एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। 
विज्ञापन
एनकाउंटर में घायल आरोपी - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देवास के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलकर मारने के मामले में मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत उर्फ अक्कू का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया है। राजोदा और बरोठा के बीच हुई इस घटना में आरोपी ने एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीनकर भागने की कोशिश की। इतना ही नहीं, उसने पुलिस टीम पर गोली भी चलाई। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

विज्ञापन


टायर पंचर होने पर भागने की बनाई योजना
जानकारी के मुताबिक, एसआईटी की टीम मुख्य आरोपी गजेंद्र रावत को लेकर खातेगांव जा रही थी। इसी दौरान राजोदा और बरोठा के बीच पुलिस वाहन का टायर पंचर हो गया। पुलिसकर्मी गाड़ी का टायर बदलने में लगे थे। इसी बीच आरोपी ने लघुशंका जाने की बात कही। सुरक्षा में तैनात एएसआई उसे सड़क किनारे लेकर गए।

एएसआई की रिवॉल्वर छीनकर भागा आरोपी
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे पहुंचते ही आरोपी ने अचानक एएसआई की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और वहां से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर ही फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
विज्ञापन


जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
आरोपी की ओर से गोली चलाए जाने के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान पुलिस की एक गोली गजेंद्र के पैर में जा लगी। गोली लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे घेरकर पकड़ लिया। मौके से एएसआई की छीनी गई सर्विस रिवॉल्वर भी बरामद कर ली गई।

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
घटना के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए देवास जिला अस्पताल पहुंचाया। रात करीब 10:30 बजे उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। टीआई दिलीप पुरी की हत्या के मामले में यह घटनाक्रम सामने आने के बाद अब पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर है। पूरे मामले में पुलिस की विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें: मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव: केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की जीत तय, दो अन्य उम्मीदवारों के नामांकन खारिज
विज्ञापन


एसपी ने क्या बताया?
एनकाउंटर की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने मीडिया को बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसे अलीराजपुर से देवास लाया जा रहा था, इसी दौरान उसने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। आरोपी को भागने से रोकने के लिए पुलिस ने मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत कार्रवाई की, जिसमें वह घायल हो गया। इसके बाद उसे तत्काल देवास जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां वह फिलहाल आईसीयू में भर्ती है और उसका इलाज जारी है। हालांकि, एसपी ने आरोपी के भागने के प्रयास और पुलिस कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी देने से इनकार किया।  

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें