बाबाओं पर यौन शोषण का आरोप लगने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। मध्यप्रदेश के एक दृष्टिहीन युवक ने जबलपुर के रहने वाले एक बाबा पर यौन शोषण का आरोप लगाया है।
युवक ने शिकायत की है कि दरोगाघाट स्थित आश्रम में रहने वाले गौरी बाबा और उसके चार चेले डेढ़ साल से उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म कर रहे थे।
पीड़ित एक 25 वर्षीय युवक है और होशंगाबाद का रहने वाला है। उसने पुलिस को बताया कि परिवार की उपेक्षा के चलते वह जबलपुर आया था। उसने दसवीं कक्षा तक ब्रेल लिपि में पढ़ाई भी की।
यहां वह दरोगाघाट आकर गौरी बाबा के आश्रम में रहने लगा और भीख मांगकर गुजारा कर रहा था।
युवक ने बताया कि डेढ़ साल पहले एक दिन गौरी बाबा ने उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म किया और फिर यह सिलसिला चलता रहा। इसमें बाबा के चार चेले भी शामिल थी। उसे खाने में नशीला पदार्थ खिला दिया जाता था।
पीड़ित ने इसके बारे में दूसरे लोगों को भी बताया था। उनके मना करने पर भी गौरी बाबा नहीं रुका और युवक का यौन शोषण करता रहा। ऐसे में युवक की तबीयत भी बुरी तरह बिगड़ गई थी।
युवक ने गोरखपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। एसपी के निर्देश पर अप्राकृतिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर गौरी बाबा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ित की मेडिकल जांच कराई जाएगी।
राजस्थान में बाबा ने की छेड़छाड़
वहीं, राजस्थान में भी एक पाखंडी बाबा का मामला सामने आया है। एक महिला ने झुंझनू स्थिति आश्रम के मालसिंह बाबा पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है।
महिला का आरोप है कि मालसिंह ने अपने बागड़ स्थित प्रभुधाम आश्रम में विशेष पूजा के लिए उसे कमरे में बुलाया था। जब वह कमरे में गई तो बाबा उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे।
पुलिस के मुताबिक मालसिंह बागड़ इलाके में अपना प्रभुधाम आश्रम चलाता है, जो यहां बहुत लोकप्रिय है। महिला ने शनिवार को बाबा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला हरियाणा की रहने वाली हैं और यहां पिछले सात साल से आ रही हैं। पिछले हफ्ते यह घटना हुई।
बाबा ने महिला को काला जादू करने की धमकी भी दी थी। बाबा को अभी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है। मामले की जांच चल रही है।