मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्त्म मिश्रा (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर गुरुवार को हमला हुआ। बुलेटप्रूफ वाहन होने से नड्डा बच गए, लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बाएं हाथ में लिगामेंट फ्रैक्चर हो गया है। इसे लेकर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने शुक्रवार को बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। मिश्रा का कहना है कि ममता हमें बाहरी लेकिन पाकिस्तान और बांग्लादेश के घुसपैठियों को अपना मानती हैं।
प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, 'कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के काफिले पर जिस तरह से हमला हुआ, वो बहुत निंदनीय है। गृह मंत्रालय ने रिपोर्ट मंगाई है लेकिन पश्चिम बंगाल सरकार ही ऐसा माहौल बना रही है, ये लोकतंत्र नहीं है। बाकी विपक्षी पार्टियां अब क्यों चुप हैं?'
नरोत्तम मिश्रा ने कहा, 'भाजपा अध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव पर हुआ हमला शर्मनाक है। ममता दीदी हमें बाहरी लोगों के तौर पर देखती हैं लेकिन पाकिस्तान और बांग्लादेश के घुसपैठियों को अपनों के रूप में देखती हैं। हमें पश्चिम बंगाल में ठहरने के लिए एक होटल तक नहीं मिलता, क्योंकि उन्हें हमारे ठहरने से पुलिस के निरीक्षण का डर सताता है।'
मानवाधिकार के दिन हुआ हमला मानवाधिकार पर हमला है
भाजपा नेताओ पर हुए हमले का जिक्र करते हुए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल धनखड़ ने कहा, 'मानवाधिकार के दिन हुआ हमला मानवाधिकार पर हमला है। कल हुआ हमला लोकतंत्र पर धब्बा है और बेहद शर्मनाक है। बंगाल में संविधान की मर्यादाएं टूट रही हैं। बंगाल में पुलिस प्रशासन फेल हो गया है। बेलगाम ढंग से कल लोग सड़कों पर उतरे थे। मैंने कल हुए हमले को लेकर डीजीपी को जानकारी दी थी। ममता को कल की घटना के लिए माफी मांगनी चाहिए। उन्हें भाजपा अध्यक्ष पर दिए अपने बयान को वापस लेना चाहिए। वे बदले की भावना से काम कर रही हैं।'
नड्डा के काफिले पर हुआ था पथराव
पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर गुरुवार को हमला हुआ। नड्डा के बंगाल आगमन के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों ने डायमंड हार्बर से गुजर रहे उनके काफिले को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान पथराव किया गया। काफिले में शामिल भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की गाड़ी का शीशा भी टूट गया। इस हमले में वे बाल-बाल बचे। दोनों ही नेता पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करने के लिए दक्षिण 24 परगना जा रहे थे।