मध्यप्रदेश विधानसभा में मंगलवार को राजनेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के फोन टैप करने का मामला उठा। गृह विभाग पर फोन टैपिंग कराने का आरोप लगाया गया।
कांग्रेस विधायक दल के उप नेता चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने शून्यकाल में मामला उठाते हुए कहा कि गृह विभाग के निर्देश पर कुछ प्रमुख राजनेताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के फोन टैप किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह फोन टैपिंग गृह मंत्री उमाशंकर गुप्ता के निर्देश पर की जा रही है।
राकेश सिंह चतुर्वेदी ने इस संबंध में राजधानी भोपाल से प्रकाशित एक समाचार पत्र की खबर का हवाला भी दिया। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र में में बताया गया है कि गृह विभाग के वरिष्ठ अधिकारी के निर्देश पर ऐसा किया जा रहा है।
इस पर विधानसभा अध्यक्ष ईश्वरदास रोहाणी ने कहा कि किसी समाचार पत्र में प्रकाशित खबर को कैसे प्रामाणिक माना जा सकता है। इस आधार पर आरोप लगाना उचित नहीं है। इस पर सत्ता पक्ष और प्रमुख विपक्षी दल के सदस्यों ने कुछ देर तक एक साथ बोलना शुरू कर दिया, जिससे शोरगुल हो गया।