कांग्रेस विधायक ने एसपी पर लगाया जासूसी का आरोप
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में पेगासस जैसी जासूसी करने का मामला सामने आया है। कांग्रेस विधायक निलय डागा ने महिला एसपी सीमाला प्रसाद पर जनप्रतिनिधियों की सीडीआर निकालने का आरोप लगाया है।
विधायक का आरोप है कि जिले में जनप्रतिनिधि समेत करीब 50 प्रतिष्ठित लोगों के फोन कॉल के रिकॉर्ड की सीडीआर निकाली गई। कांग्रेस विधायक ने डीजीपी विवेक जौहरी को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने की बात कही है। वहीं विधायक ने पुलिस प्रशासन से सवाल किया है कि किसके इशारे पर सीडीआर निकाली गई है, इसकी जांच कर जानकारी दी जाए। मामले की जांच नहीं होने पर विधायक ने धरने पर बैठने की चेतावनी दी है।
कांग्रेस विधायक निलय डागा का आरोप है कि उनके अलावा सांसद समेत भाजपा नेता, व्यापारी सभी की सीडीआर निकाली गई। उन्होंने पुलिस पर उन्हें किसी मामले में आरोपी बनाने और उनकी सीडीआर निकालने का आरोप लगाया है। विधायक ने इस पूरे मामले को विधानसभा में उठाने की बात भी कही।
वहीं, इस मामले में बैतूल एसपी सीमाला प्रसाद ने विधायक के आरोप को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि उन्होंने एक साल में कई बड़े अपराधियों पर कार्रवाई की है। सीडीआर आरोपियों की निकाली जाती है। बैतूल में ना तो पक्ष है ना ही विपक्ष किसी जनप्रतिनिधि की सीडीआर नहीं निकाली गई।
क्या होती है सीडीआर
कॉल डिटेल रिकॉर्ड को सीडीआर कहा जाता है। सीडीआर में मोबाइल उपयोग करने वाले का नाम होता है। किसी व्यक्ति की सीडीआर से पता चलता है कि उसने कितने कॉल किए। कितने कॉल रिसीव किए। किन नंबरों पर कॉल किया। किन नंबरों से कॉल रिसीव हुआ। कॉल की तारीख समय और कितने समय तक बात हुई। किस नंबर से मैसेज भेजे और रिसीव किए इसकी भी डिटेल होती है।