पन्ना जिले में तिरंगे से छेड़छाड़ कर उसके अपमान का मामला सामने आया है। यह तिरंगा मस्जिद में लगा हुआ है। तिरंगे के अपमान पर बजरंग दल ने शिकायत पर पुलिस से एफआईआर दर्ज कराने की मांग करते हुए तीन दिन की चेतावनी दी है। अगर एफआईआर नहीं हुई तो उग्र आंदोलन होगा।
दरअसल, पन्ना के अजयगढ़ कस्बे से तिरंगे के अपमान का मामला सामने आया है। मामले में अजयगढ़ थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि स्थानीय जामा मस्जिद में यह तिरंगा लगा हुआ था। इसमें अशोक चक्र को हटाकर अरबी भाषा में कथित तौर पर कलमा लिखा गया था। तिरंगे के इस अपमान से आक्रोशित होकर बजरंग दल के द्वारा लिखित आवेदन थाना अजयगढ़ में दिया गया है।
आवेदन में यह उल्लेखित किया गया है कि अजयगढ़ नगर परिषद के पास स्थित बड़ी मस्जिद में 17 सितंबर मंगलवार को किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा में अरबी भाषा में कलमा लिखकर राष्ट्रीय ध्वज का अपमान कर उसे फहराया गया है। इसमें हमारे देश के राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किया गया है।
देश की आस्था के साथ यह जो खिलवाड़ किया गया है और यह उचित नहीं है, जिस कारण विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल तथा हिंदू समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मामले की जांच करके दोषियों पर कार्रवाई की बात भी की गई है। साथ ही बजरंग दल ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि तीन दिन में इस मामले में कार्रवाई नहीं होती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
वहीं, इस मामले में अजयगढ़ थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बजरंग दल के द्वारा प्राप्त शिकायती आवेदन पत्र के आधार पर तिरंगा के अपमान की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी एवं अन्य साक्ष्य को खंगाला जा रहा है। जांच के बाद जिम्मेदार एवं दोषी लोगों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।