बैकवॉटर से शराब से भरे ड्रम निकलवाती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
ओंकारेश्वर बांध के जलभराव क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब बनाने के अड्डों के खिलाफ मांधाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने गोताखोरों की मदद से ग्राम डुकिया, जिल्हार, धावड़िया और गुंजारी के बैकवाटर किनारे जंगल में दबिश देकर तीन बड़े अवैध शराब निर्माण अड्डों का पता लगाया। यहां पानी की गहराई में डुबोकर रखे गए करीब 40 से 45 प्लास्टिक ड्रम बरामद किए गए, जिनमें लगभग 6 हजार लीटर महुआ लहान भरा हुआ था।
ये भी पढ़ें-
कलयुग की सावित्री: करवाचौथ पर पति की जान बचाने के लिए व्रत में जहरीले सांप से भिड़ी पत्नी, पटक-पटककर ले ली जान
पुलिस के अनुसार, नष्ट की गई महुआ लहान एवं अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की कुल कीमत करीब 8 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस टीम ने बरामद सामग्री का मौके पर पंचनामा तैयार कर विधिवत नष्ट किया। पुलिस अधीक्षक खंडवा अगम जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह कंवर एवं एसडीओपी दिव्या झारिया के निर्देशन में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक अनोख सिंह सिंदया के नेतृत्व में मांधाता थाना पुलिस की टीम ने 30 अक्टूबर को यह कार्रवाई की।
पुलिस का कहना है कि जलभराव क्षेत्र और जंगलों में अवैध रूप से कच्ची शराब तैयार करने वाले अड्डों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।