निवाड़ी: लाखों की चोरी का आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
पर्यटन नगरी ओरछा के अमर महल होटल में हुई चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से करीब 20 लाख रुपये कीमत के जेवरात भी बरामद किए गए हैं। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 20 जनवरी 2022 को ओरछा के अमर महल होटल में आयोजित एक शादी समारोह में अपने परिजनों सहित शामिल होने आए ग्वालियर निवासी मनोज लुडडा का होटल के सोफे पर रखा ज्वेलरी एवं पैसों से भरा बैग कोई अज्ञात बदमाश लेकर रफूचक्कर हो गया था।
घटना की सूचना पर मामला दर्ज कर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की। इसी दौरान रविवार को कस्बा भ्रमण व होटल चेकिंग ड्यूटी के दौरान एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देने पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम कुंदन सिसोदिया निवासी राजगढ़ जिले के गुलखेड़ी गांव बताया।
सख्ती से पूछताछ करने पर उसने 20 जनवरी 2022 को होटल अमर महल में चोरी करना स्वीकार किया और बताया कि 20 जनवरी को उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अमर महल में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी ने चोरी का माल घर में रखे होने की जानकारी दी थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। आरोपी के पास से सोने का गले का हार सेट, झुमका व अंगूठी बरामद की गई है।