भोपाल में एनआईए की ब्रांच शुरू होंगी
- फोटो : amar ujala
मध्य प्रदेश में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआईए) की ब्रांच जल्द खुलने वाली है। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को बताया कि जांच एजेंसी सूफा, जेएमबी जैसे आतंकी संगठनों की जांच करेगी। यह देश में एजेंसी की 13वीं ब्रांच होगी।
प्रदेश की राजधानी भोपाल में एनआईए अपनी ब्रांच खोलेगी। इसे लेकर एनआईए के अधिकारियों ने बीते दिनों डीजीपी सुधीर सक्सेना से मुलाकात भी की थी। यहां पर आईजी या डीआईजी स्तर के अधिकारी बैठ सकते हैं। जानकारी के अनुसार प्रदेश में खुलने वाली यह ब्रांच देश में 13वीं होगी। भोपाल में हाल ही बांग्लोदेशी आतंकी पकड़ाए थे। इस मामले की जांच एनआईए कर रही है। इसमें एजेंसी को कई इनपुट मिले हैं। आतंकी संगठन और उससे जुड़े आतंकी प्रदेश में रहकर देशभर में गतिविधियों को संचालित कर रहे हैं। इसके बाद एजेंसी ने प्रदेश में आतंकियों के नेटवर्क को खत्म करने के लिए भोपाल को अपना नया ठिकाना बनाने का निर्णय लिया है।
ऐशबाग से पकडाए थे आतंकवादी
भोपाल के ऐशबाग इलाके से प्रतिबंधित संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश (जेएमबी) के चार आतंकी पकड़े गए थे। केंद्र सरकार ने जमात-उल-मुजाहिदीन बांग्लादेश संगठन पर 2019 में पांच साल के लिए प्रतिबंध लगाया था। जेएमबी ने पश्चिम बंगाल के वर्धमान में ब्लास्ट किया था, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई थी। इसके अलावा 2018 में बोधगया में भी ब्लास्ट किया था। प्रतिबंध के बाद जेएमबी देश में अलग-अलग जगह स्लीपर सेल चला रहा है। इन आतंकवादियों के मददगारों को भी गिरफ्तार किया गया था।