नरसिंहपुर में सामूहिक दुष्कर्म
- फोटो : अमर उजाला
नरसिंहपुर जिले के करेली थाना अंतर्गत लिंगा गांव में 19 वर्षीय युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने इस घिनौनी वारदात के बाद पीड़िता को छत से फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है और महिलाओं सहित विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी अरबाज बहना (20 वर्ष), शेख शरीफ खान (30 वर्ष) और इरफान खान (19 वर्ष) शामिल हैं, जिन्हें न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, एक नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
प्रशासन का हस्तक्षेप, पीड़िता को न्याय का आश्वासन
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर न्याय का आश्वासन दिया। उन्होंने इस कृत्य को "जिले के इतिहास पर कलंक" करार दिया। वहीं, स्थानीय विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल ने पीड़िता के परिवार को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।
विरोध प्रदर्शन और कड़ी सजा की मांग
इस मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद और महिला संगठनों ने जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। थाना प्रभारी सुभाष बघेल ने कहा कि पीड़िता की शिकायत पर चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग आरोपी को बाल सुधार गृह भेजा गया है। फिलहाल, पीड़िता जबलपुर में उपचाररत है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।