नरसिंहपुर के सहकारिता विभाग के निरीक्षक संजय दुबे को लोकायुक्त जबलपुर टीम ने 3,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। शिकायतकर्ता ने वेतन निकालने के बदले पैसे मांगने की जानकारी दी थी। ट्रैप कार्रवाई सफल रही, जिसके बाद विभागीय दफ्तर में हड़कंप मच गया।
नरसिंहपुर के सहकारिता विभाग में पदस्थ निरीक्षक संजय दुबे को 3,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने की।
शिकायतकर्ता गोटेगांव की सिमरिया समिति में प्रबंधक के पद पर पदस्थ देवी प्रसाद तिवारी ने 8 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त में आवेदन देकर बताया था कि सहकारिता निरीक्षक संजय दुबे अक्टूबर और नवंबर महीने का वेतन निकालने के एवज में उनसे और अन्य कर्मचारियों से पैसे की मांग कर रहे थे। लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर गुरुवार को ट्रैप कार्रवाई की, जिसमें 3,000 रुपये रिश्वत लेते हुए संजय दुबे को पकड़ा गया। कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक शशिकला, लोकायुक्त जबलपुर ने किया। घटना के बाद सहकारिता विभाग के डीआर ऑफिस में हड़कंप मच गया और कई कर्मचारी मौके से इधर-उधर होते देखे गए।