मध्यप्रदेश के सागर जिले के एक क्वारंटीन सेंटर में नहा रही महिला का वीडियो बनाने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने महिला पर जबरन शारीरिक संबंध बनाने का भी दवाब बनाया।
सागर जिले के गढ़ाकोटा पुलिस थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश बंजारा ने गुरुवार को बताया कि दमोह जिले की रहने वाली युवती की शिकायत पर 20 और 23 वर्षीय दो युवकों को अश्लील वीडियो बनाने तथा वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देने के आरोप में बुधवार रात गिरफ्तार किया गया।
बंजारा ने बताया कि शिकायतकर्ता युवती इंदौर से वापस आने के बाद अपनी सहेली के साथ सागर जिले के भटौली गांव में प्रशासन द्वारा निर्धारित क्वारंटीन सेंटर में रह रही थी। सेंटर में बनाए गए अस्थाई स्नानगृह में युवती के स्नान करने के दौरान आरोपियों ने उसका कथित वीडियो बना लिया था।
आरोपियों ने बाद में युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की कथित रूप से धमकी दी और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। लेकिन युवती ने दबाव में नहीं आते हुए इस मामले की पुलिस में शिकायत कर दी।
उन्होंने बताया कि युवती की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला किया गया है और दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।