अवैध खनन के खिलाफ आवाज मुखर करने वाले पत्रकार संदीप कोठारी को जिंदा जलाकर मारा गया था। यह खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से हुआ है। पहले माना जा रहा था कि संदीप को हत्या किए जाने के बाद जलाया गया।
संदीप को 19 जून को मध्यप्रदेश के बालाघाट जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर कटंगी क्षेत्र से अगवा किया गया था और बाद में उसका जला हुआ शव महाराष्ट्र के वर्धा जिले में रेलवे लाइन के पास से मिला था।
संदीप का शव मिलने के बाद से उसकी हत्या को लेकर कई सवाल उठ रहे थे लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि उसे जिंदा जलाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट वर्धा सेंट्रल अस्पताल ने तैयार की है। संदीप का पोस्टमार्टम भी यहीं पर हुआ था।