मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने का सोमवार को अंतिम दिन था। सोमवार को पंच, सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य के पदों के लिए 1 लाख 94 हजार से अधिक नामांकन दाखिल हुए। नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 30 मई से शुरू हुई थी।
पंचायत चुनाव के नामांकन पत्र की जांच 7 जून को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 10 जून है। इसी दिन चुनाव चिन्ह आवंटित भी होंगे। पंच के लिए 91 हजार 326 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, सरपंच के लिए 81 हजार 322 नामांकन पत्र मिले है। जनपद पंचायत सदस्य के लिए 16 हजार 893 और जिला पंचायत सदस्य के लिए चार हजार 718 नामांकन प्राप्त हुए। हालांकि अभी यह संख्या बढ़ सकती है। राज्य निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि वास्तविक स्थिति मंगलवार को ही साफ होगी। जनपद पंचायत सदस्य और सरपंच के लिए महिलाओं ने पुरुषों से ज्यादा आवेदन किया है। जिला पंचायत सदस्य के लिए 1 और सरपंच के लिए 49 थर्ड जेंडर ने भी आवेदन किया है।
बता दें पंच के तीन लाख 63 हजार 726 पदों, सरपंच के 22 हजार 921 पदों, जनपद पंचायत सदस्य के 6 हजार 771 पद और जिला पंचायत सदस्य के 875 पदों के लिए चुनाव होना है। इन पदों के लिए आए नामांकनों की जांच होगी और 10 जून तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
प्रदेश में पंचायत चुनाव तीन चरण में आयोजित हो रहे है। पहले चरण के लिए मतदान 25 जून को, दूसरे चरण के लिए मतदान 1 जुलाई और तीसरे चरण के लिए मतदान 8 जुलाई को होगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक है। पंच, संरपच और जनपद पंचायत सदस्य के चुनाव परिणाम की घोषणा 14 जुलाई और जिला पंचायत सदस्य के लिए 15 जुलाई को नतीजे आएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंचायतों में निर्विरोध चुनाव कराने की अपील की है। इसके लिए सरकार की तरफ से अलग-अलग श्रेणी में पंचायत को पुरस्कार देने का भी एलान किया है। महिलाओं को पदाधिकारी बनाने पर पंचायत को 15 लाख रुपए पुरस्कार दिया जाएगा।