रीवा जिले के मनगवां थाना क्षेत्र में सर्पदंश से दो बच्चियों की मौत हो गई। दोनो बच्चियां आपस में सगी बहनें थीं। वे रात को घर अंदर जमीन पर सो रही थीं, इसी दौरान जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। परिजनों को पहले लगा कि एक ही बच्ची को सांप ने डसा है। इसलिए एक बच्ची को झाड़फूंक कराने उसे ओझा के पास ले गए, लेकिन वहां पर उसे कुछ आराम नहीं मिला। बाद में जब घर लौटे तो परिजनों के होश उड़ गए। सांप ने छोटी बच्ची को भी काटा था। परिजन दोनों बच्चियों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना जिले के मानिकवार चौकी अंतर्गत देउतहा गांव की है। बच्चियों के बड़े पिता गोरेलाल साकेत ने बताया कि भाई रूपेश साकेत की दो बेटियां सोना और रूपा घर के अंदर परिवार के साथ जमीन में सो रही थीं। देर रात जब बच्चियों की नींद खुली तो उन्हें एक काली नागिन दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने नागिन को मार दिया। कुछ देर बाद देखा तो बड़ी बेटी के पैर में सांप के काटने के निशान मिले। परिजन अस्पताल ले जाने के बजाय बच्ची को झाड़-फूंक के लिए ओझा के पास ले गए। झाड़ फूंक के बाद भी जब उसे कोई आराम नही मिला तो बच्ची को लेकर वापस अपने घर आ गए। घर पहुंच कर देखा तो दूसरी बच्ची भी उन्हें अचेत अवस्था में मिली। यह देखते ही परिजनों के होश उड़ गए।
परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस नहीं आ सकी। इसके बाद प्राइवेट वाहन का इंतेजाम कर परिजन बच्चियों को लेकर इलाज कराने अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। रक्षाबंधन के एक दिन पहले हुई दो बेटियों की मौत खुशियों का त्यौहार मातम में बदल गया।