रीवा और छिंदवाड़ा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई। वहीं, कुछ घायल भी हुए हैं। रीवा में दो बाइक आपस में भिड़ गई थी। वहीं, छिंदवाड़ा में एक बेलगाम वाहन ने युवक को रौंदा।
रीवा जिले के सगरा थाना क्षेत्र के हाइवे सगरा में दो तेज रफ्तार बाइक आपस में भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर पहुंची सगरा पुलिस ने घायलों एवं मृतकों को संजय गांधी अस्पताल में पहुंचाया।
छिंदवाड़ा में निजी काम से चौरई गए मोहखेड़ के युवक की हादसे में मौत हो गई। चौरई से लौटते वक्त शनिवार दोपहर बेलगाम वाहन ने उसे पहियों तले रौंद दिया। शनिवार साढे तीन बजे नवेगांव मकरिया के समीप हुए इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चौरई टीआई शशि विश्वकर्मा ने बताया कि मोहखेड़ के सारोठ निवासी 38 वर्षीय रामभरोसे पिता जगन बंदेवार नामक युवक शनिवार की सुबह किसी निजी काम से चौरई गया था।
काम खत्म करने के बाद रामभरोसे करीब साढ़े तीन बजे अपनी मोटरसाइकिल से अकेला गांव लौट रहा था। तभी नवेगांव मकरिया में गोलाई के समीप उसे बेलगाम रफ्तार भाग रहे वाहन ने पहियों तले रौंद दिया। हादसे में घायल रामभरोसे को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिर पर चोट के कारण रामभरोसे की मौत हो गई। यदि उसने हेलमेट पहना होता तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी। पुलिस ने सूचना के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा लिया है।