मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के अमलाई ओसीएम (ओपनकॉस्ट कोल माइंस) में तैनात एसआईएसएफ के दो जवानों पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने बम जैसी विस्फोटक सामग्री फेंक दी और फरार हो गए। अज्ञात बाइक सवार डीजल चोरी करने की नीयत से ओसीएम पहुंचे थे, जहां तैनात जवानों को देख उन्होंने जवानों को डराने के लिए विस्फोटक सामग्री फेंककर उन्हें दूर भगाने का प्रयास किया। हमले में ड्यूटी में तैनात जवान बाल-बाल बच गए, जवानों ने मामले की शिकायत धनपुरी थाने में की है। धनपुरी पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
बता दें कि सोहागपुर अंतर्गत संचालित अमलाई ओसीएम के डंपर व पार्किंग सुरक्षा ड्यूटी में तैनात आरक्षक नीरज सिंह कुशवाहा व मुकेश सोलंकी ड्यूटी कर रहे थे। तभी एक बाइक पर सवार दो लोग वहां पहुंचे। बदमाशों ने चेन्नई राधा कंपनी कैम्प की ओर जाने वाले रास्ते में विस्फोटक सामग्री में आग लगाकर उक्त दोनों जवानों की तरफ फेंक दिया, जिससे धमाका हुआ। हालांकि समय रहते दोनो जवानों ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान चारों ओर धुएं का गुबार छा गया, जिसका फायदा उठाकर दोनों हमलावर मौके से भाग निकले। मामले की धनपुरी थाने में जवानों ने शिकायत की है, जिस पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ 456, 336 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
धनपुरी थाना प्रभारी संजय जयसवाल ने बताया कि बाइक में सवार बदमाश डीजल चोरी करने की नीयत से वहां पहुंचे थे जवानों को देखकर उन्हें डराने के लिए बम नुमा विस्फोटक फेंका था मामले की जांच की जा रही है।