मध्यप्रदेश में आदिपुरुष की फिल्म के ट्रेलर को लेकर ही विवाद गरमा गया है। मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चेतावनी दी है कि यदि आदिपुरुष के विवादित दृश्यों को नहीं हटाया गया तो कानूनी कार्रवाई पर विचार करेंगे। इसको लेकर गृहमंत्री ने मंगलवार शाम को फिल्म के निर्माता ओम राउत को पत्र लिखा। जिसमें आपत्तिजनक दृश्यों को दूर करने और भविष्य में इस प्रकार की त्रुटि ना हो ध्यान में रखने को लिखा है।
बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान और प्रभास की फिल्म 'आदिपुरुष' का 3डी टीजर जारी होने वाला है। जब से श्री राम की नगरी अयोध्या में ओम राउत के निर्देशन में बन रही फिल्म का 2डी टीजर जारी किया गया है, तभी से मेकर्स को सोशल मीडिया पर आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। फिल्म के पोस्टर जारी होने के बाद से ही फिल्म में प्रभास और सैफ अली खान के लुक को ट्रोल किया जा रहा है। फिल्म की रिलीज से पहले ही मेकर्स और स्टारकास्ट द्वारा की गई गलतियों की वजह से फिल्म के फ्लॉप होने के अनुमान लगाया जा रहा है। इसके अलावा फिल्म में हनुमान जी के वस्त्रों को लेकर भी आपत्ति जताई जा रही है।
मध्यप्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि आदिपुरुष का मैंने ट्रेलर देखा है। फिल्म में आपत्तिजनक दृश्य है। हमारी आस्था के केंद्र बिन्दुओं को जिस रूप में दिखाया गया है, वह अच्छा नहीं है। अब हनुमानजी के वस्त्र चमड़े के दिखाए गए हैं। हनुमान जी के चित्रण में अलग से कहा गया है कि कानन कुंडल कुंचित केसा, हाथ वज्र और ध्वजा विराजे। इसमें उनके सभी वस्त्र बताए गए है। यह आस्था पर कुठाराघात है। यह धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले दृश्य हैं। गृहमंत्री ने कहा कि मैं फिल्म के निर्माता ओम राउत को पत्र लिख रहा हूं कि इस तरह के दृश्यों को हटाया जाए। यदि वह नहीं हटाते हैं तो उसके बाद हम कानूनी कार्रवाई पर विचार करेंगे। गृहमंत्री ने फिल्म निर्माता को बहुसंख्यक समाज की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए फिल्म में इस तरह के चित्रण को विलोपित करने और भविष्य में त्रुटि न करने के लिए पत्र लिखा है।