उत्तरी सर्द हवाएं चलने से मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में गिरावट रही। आसमान साफ हो रहे हैं। इससे भी सर्दी बढ़ी है। बीते 24 घंटों में उज्जैन में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, यहां मिनिमम टेंपरेचर 4.5 डिग्री रहा। वहीं इंदौर में सीवियर कोल्ड डे रहा, यहां दिन का तापमान 14 डिग्री रहा, जो एक दिन में ही 4.7 डिग्री तक गिरा है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते चौबीस घंटों के दौरान प्रदेश में उज्जैन सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा। प्रदेश के कई जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे बना रहा। शाजापुर में 5.4, रतलाम में 5.6, धार-राजगढ़ में 6.0, गुना में 6.2, ग्वालियर-खरगौन में 7.0, पचमढ़ी-सिवनी में 7.2, इंदौर में 7.4, भोपाल में 8.0, सागर में 8.2, रायसेन में 8.5, नौगांव में 9.4 डिग्री पारा रहा। बीते चौबीस घंटों के दौरान मंडला और छिंदवाड़ा में हल्की बौछारें पड़ीं।
मौसम विभाग की मानें तो पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा, शहडोल, जबलपुर संभागों के जिलों में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। बरघाट में 3, केवलारी-नैनपुर-वेंकटनगर- कुरई-करांजिया-लांजी में 2, मोहगांव-अमरकंटक-बिछिया-अमरपुर-मलाजखंड में 1 सेमी बारिश हुई है। उज्जैन, चंबल, सागर, ग्वालियर संभाग में कोहरा रहा। सागर, दमोह, भोपाल, रायसेन, राजगढ़, इंदौर, धार, शाजापुर, उज्जैन में तीव्र शीतल दिन रहा। सिवनी, टीकमगढ़, खरगौन, रतलाम, गुना में शीतल दिन दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों की बात करें तो सीधी, सतना, अनूपपुर, डिंडौरी, उमरिया, बालाघाट, मंडला, सिवनी जिलों में कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं। उज्जैन संभाग के जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। भोपाल, उज्जैन संभाग के जिलों तथा सिवनी, दमोह, सागर, टीकमगढ़, धार, इंदौर, गुना जिलों में तीव्र शीतल दिन रहेगा यानी दिन का तापमान कम रहेगा।
मौसम जानकारों के अनुसार पिछले दिनों जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में उत्तरी राजस्थान पर पहुंचकर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में स्थित है। इसके प्रभाव से हरियाणा में एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। कोंकण में भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना है। इस सिस्टम से एक ट्रफ दक्षिण-पूर्वी मध्यप्रदेश से होकर झारखंड तक बना हुआ है। इस वजह से वातावरण में नमी आने के कारण पूर्वी मप्र के जबलपुर, शहडोल, रीवा संभागों के जिलों में बौछारें पड़ रही हैं। बुधवार को उत्तरी राजस्थान और हरियाणा पर बने चक्रवात के समाप्त होने की संभावना है। जिसके चलते मौसम साफ होने लगेगा। इससे रात के तापमान में गिरावट होने लगेगी।