मध्य प्रदेश में तापमान में उछाल रहा। सुबह और रात के समय ठंडक बनी हुई है। पचमढ़ी, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी में हल्की बारिश हुई। बादलों का डेरा होने से रात का तापमान कहीं-कहीं साढ़े चार डिग्री तक ऊपर आया है। अगले दो दिन ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। आज-कल कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम केंद्र की जानकारी के अनुसार बीते 24 घंटे में छिंदवाड़ा में 2, होशंगाबाद में .8 मिमी बारिश रही। प्रदेश में सबसे ठंडा रीवा रहा, यहां रात का तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम जानकारों की मानें तो अगले दो दिन तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। बादल छंटने के बाद फिर से ठंड लौटेगी। मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के बीच एक ट्रफ लाइन बनी है। अरब सागर से नमी आने के कारण यह स्थिति बन गई है। हालांकि, इसका असर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ही रहेगा।
मौसम केंद्र के आंकड़ों की बात करें तो रात का तापमान उछला है। सिर्फ रीवा को छोड़ दें तो पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के ऊपर ही है। रीवा में 9.6, ग्वालियर में 10.8, खजुराहो में 11, नौगांव में 11.4, उमरिया में 11.5, रायसेन-नरसिंहपुर में 12, पचमढ़ी में 12.5 डिग्री तापमान रहा। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 29 और 16, इंदौर में 28.9 और 17.4, ग्वालियर में 29.8 और 10.8, जबलपुर में 27.4 और 14.3 डिग्री तापमान रहा।
मौसम केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के जबलपुर, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। अगले 24 घंटों की बात करें तो छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, अनूपपुर, डिंडोरी, बैतूल, नर्मदापुरम जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
मौसम विज्ञानियों के आकलन के मुताबिक शनिवार को बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी एवं बालाघाट जिलों में हल्की बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से बताया गया कि वर्तमान में पाकिस्तान और उससे लगे पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक कमजोर आवृत्ति वाला पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस सिस्टम के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश के भोपाल, होशंगाबाद, जबलपुर, रीवा, शहडोल संभागों के जिलों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छा रहे हैं। साथ ही हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।