मध्य प्रदेश में गर्मी से थोड़ी राहत है। बादलों का डेरा होने से दिन का तापमान लुढ़का है, लेकिन रात में पारा चढ़ने से बेचैनी बढ़ी है। अगले कुछ दिनों में पारा और उछाल भरेगा। सीजन में पहली बार रात का तापमान 28 के करीब पहुंचा है। सीधी में दिन और रात का पारा प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।
मौसम जानकारों के मुताबिक प्रदेश के आसपास तीन सिस्टम एक्टिव हैं। इनके असर से प्रदेश के अधिकांश हिस्से में बादल बने हुए हैं। इससे दिन का तापमान गिरा है। लेकिन बादलों से उमस का अहसास हो रहा है। रात का तापमान चढ़ा है। बादलों के छंटने के बाद एक बार फिर दिन का तापमान उछाल भरेगा। प्रदेश का मौसम शुष्क बना हुआ है। कहीं-कहीं लू का प्रभाव भी देखा गया।
सीधी सबसे गर्म
मौसम केंद्र के आंकड़ों की बात करें तो प्रदेश में सबसे गर्म सीधी रहा। सीधी में 43, होशंगाबाद-खजुराहो में 42.6, खंडवा में 42.5, नौगांव में 42.3, खरगोन में 42.2, दमोह-नरसिंहपुर में 42, रीवा में 41.8, सतना में 41.5, उमरिया में 41.7, राजगढ़ 41.6, रायसेन-ग्वालियर-जबलपुर में 41.2, रतलाम-टीकमगढ़ में 41 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।
जबलपुर-सीधी की रातें कर रहीं बेहाल
न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़त बनी हुई है। सीजन में पहली बार पारा 27 के पार गया है। जबलपुर में 27.7, सीधी में 27.6, उमरिया में 25.6, होशंगाबाद में 25.5, सतना में 25.1, दमोह में 25, बैतूल में 24.8, शाजापुर में 24.7, खंडवा-खरगोन में 24, रतलाम में 23.8, छिंदवाड़ा-मंडला-टीकमगढ़ में 23.6, दतिया में 23.1, ग्वालियर-राजगढ़ में 23 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। प्रदेश के बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 40 और 21.9, इंदौर में 38.9 और 22.6, ग्वालियर में 41.2 और 23, जबलपुर में 41.2 और 27.7 डिग्री तापमान रहा।
छतरपुर: मौसम का मिज़ाज बदला, अप्रैल में मई-जून की गर्मी का एहसास
छतरपुर जिले में भी तीव्र लू चलने की संभावना है। तापमान में वृद्धि होने से लोगों के जनजीवन पर खासा असर पड़ा है। दुकानदारों की मानें तो बाजार और सड़कों पर दिनभर सन्नाटा छाया रहता है। लोग शाम को सूरज ढलने पर घरों से निकल रहे हैं तो वहीं शीतल पेयजल की बिक्री में इज़ाफ़ा हुआ है। पिछले वर्षों में कोरोना के चलते लोगों का घरों से निकलना कम ही रहा है। पर इस बार अप्रैल में ही मई-जून की गर्मी का एहसास हो रहा है। पानी की किल्लत से भी लोगों को जूझना पड़ रहा है।