भोपाल में बीजेपी की महापौर प्रत्याशी मालती राय
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में बीजेपी ने मालती राय को महापौर प्रत्याशी बनाया दिया है। मालती राय वर्ष 1985 से भाजपा की सक्रिय सदस्य है। अशोक गार्डन से एक बार पार्षद रह चुकी है।
मालती राय का नाम स्थानीय विधायकों की सहमति के बाद सोमवार को ही चर्चा में आ गया था। मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उनके नाम की घोषणा की। मालती राय कांग्रेस प्रत्याशी विभा पटेल को टक्कर देंगी। पटेल पूर्व महापौर रह चुकी है। मालती राय को मंत्री और नरेला विधायक विश्वास सारंग का खास माना जाता है। संगठन की तरफ से शुरुआत में कहा गया कि मालती राय दो बार पार्षद का चुनाव हार चुकी है। राजो मालवीय भी महापौर का चुनाव हार चुकी है। पार्टी के विधायक को टिकट नहीं देने के निर्णय के बाद कृष्णा गौर का नाम सूची से बाहर हो गया था। ऐसे में नए नाम जागृति किरार और भारती कुंभारे के नाम चर्चा में आ गए।
इस बीच मालती राय के लिए विधायक विश्वास सारंग ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की। वहीं, सारंग, कृष्णा गौर और रामेश्वर शर्मा ने मालती को चुनाव जिताने की बात कही। इसके बाद संगठन ने मालती राय के ऊपर विश्वास जताया और उनका नाम तय किया गया।
58 वर्षीय मालती राय ने एमए और बीएड की पढ़ाई की है। वह 1985 से बीजेपी में सक्रिय सदस्य है। राय के पति एमएल राय भी बीजेपी के 1980 से संक्रिय कार्यकर्ता है। राय 1994 में प्रोफेसर कॉलोनी से चुनाव हार गई थी। इसके बाद 2004 में अशोक गार्डन से पार्षद बनी। यहीं पर उनका घर है। जहां से 2009 में उनको हार का सामना करना पड़ा। मालती राय बीजेपी की वरिष्ठ नेता है। 2013 से लगातार नरेला विधानसभा क्षेत्र की प्रभारी है। सांसद प्रतिनिधि, सभी चुनावों में सक्रिय भूमिका में रही।