अजब सिंह कुशवाह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी
- फोटो : अमर उजाला
सुमावली विधानसभा क्षेत्र से वर्तमान विधायक व कांग्रेस प्रत्याशी अजब सिंह कुशवाह के खिलाफ कोर्ट ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। फरियादी के वकील धीरेंद्र सिंह जादौन का कहना है कि विधायक ने उनके क्लाइंट मोहनलाल कुशवाह से उपचुनाव में 3 लाख रूपये उधार लिए थे। इसके बदले में विधायक ने 3 लाख का चेक बतौर सिक्योरिटी के रूप में दिया था। निर्धारित समय पर चेक लेकर बैंक में पहुंचा तो पता चला कि विधायक के खाते में पैसे ही नहीं है। चेक बाउंस होने पर उसने तत्काल विधायक से संपर्क किया।
फरियादी ने अपने वकील से की बातचीत
बता दें कि विधायक कुछ दिनों तक उसे घुमाते रहे, लेकिन एक दिन उसने अपनी विधायकी का रौब दिखाते हुए फरियादी को साफ मना कर दिया। इसके बाद फरियादी ने अपने वकील से बातचीत की। वकील ने कई बार लीगल नोटिस भेजकर विधायक को कोर्ट में सफाई देने के लिए बुलाया, लेकिन विधायक नहीं आए।
उसके बाद कोर्ट ने विधायक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। इधर, फरियादी का कहना है कि अब वह इसकी शिकायत निर्वाचन आयोग से करेंगे। इस मामले में एएसपी अरविंद सिंह ठाकुर का कहना है कि हमारे पास ऐसी कोई जानकारी आई नहीं है।