मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के हर दिन नए मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना के 1577 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। जिसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 5044 हो गई है। कोरोना की चिंताजनक स्थिति पर मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से कोरोना महामारी की तीसरी लहर से निपटने की तैयारियों पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रवि विजय कुमार मलिमठ और पीके कौरव की डबल बेंच ने कोरोना महामारी के इलाज में पाई जा रही अनियमितताओं और निजी अस्पतालों की मनमानी के मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए सुनवाई की। हाईकोर्ट ने सरकार को विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया है।
बेकाबू हुआ कोरोना
राज्य सरकार के तमाम प्रयासों के बाद भी प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी होती नजर नहीं आ रही है। कोरोना संक्रमण के मामले में इंदौर राजधानी भोपाल से आगे हैं। शुक्रवार को जहां भोपाल में कोरोना के 347 मरीज मिले हैं, वहीं इंदौर में 618 नए संक्रमित सामने आए हैं। वर्तमान में प्रदेश में कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के 11 मामले सामने आए हैं। संक्रमितों में 9 लोग रिकवर हो चुके हैं। प्रदेश में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण दर 2.13 प्रतिशत रही, वहीं रिकवरी रेट 98.05 फीसदी दर्ज की गई है।
कहां कितने कोरोना संक्रमित
मध्य प्रदेश के अन्य जिलों में मिले कोरोना संक्रमितों की बात करें तो ग्वालियर में 111, जबलपुर में 96, उज्जैन में 65, सागर में 36, रतलाम में 24, दमोह में 23, सिंगरौली में 18, शहडोल में 17, दतिया में 16, खंडवा में 16, धार में 15, बैतूल में 12, बुरहानपुर में 9, छिंदवाड़ा में 9, खरगौन में 8, रीवा में 8, शिवपुरी में 8, नरसिंहपुर में 7, सिवनी में 6, उमरिया में 6, गुना में 5, कटनी में 5, सतना में 5, झाबुआ में 4, राजगढ़ में 4, श्योपुर में 4, बड़वानी में 3, होशंगाबाद में 3, नीमच में 3, अनूपपुर में 2, मंदसौर में 2, सीहोर में 2, शाजापुर में 2, अलीराजपुर में 1, अशोकनगर में 1, बालाघाट में 1 नया मरीज सामने आया है।
यहां नहीं मिले संक्रमित मरीज
मध्यप्रदेश के 12 जिलों आगरमालवा, भिंड, छतरपुर, देवास, डिंडोरी, हरदा, मंडला, पन्ना, रायसेन, सीधी, निवाड़ी और टीकमगढ़ में शुक्रवार को कोरोना के नए मरीज नहीं मिले हैं।
5 जिलों में एक भी एक्टिव केस नहीं
मध्यप्रदेश के 5 जिलों आगरमालवा, डिंडोरी, हरदा, मंडला और पन्ना में वर्तमान में कोरोना संक्रमण का एक भी एक्टिव केस नही हैं
बच्चे, डॉक्टर्स और आईएएस भी कोरोना की चपेट में
राजधानी में मिले संक्रमितों में 28 बच्चे शामिल हैं। इसके अलावा गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) और स्वास्थ्य विभाग के 8 डॉक्टर्स भी संक्रमित पाए गए हैं। दो आईएएस अधिकारी भी कोरोना संक्रमितों में शामिल हैं। प्रदेश में विदेश से आए 22 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। दुबई से भारत आई 28 वर्षीय महिला भी कोरोना संक्रमित पाई गई है।
स्वास्थ्यकर्मी नहीं कर सकेंगे हड़ताल
कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश में ESMA लागू किया है, जिसके चलते स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मचारी काम करने से मना नहीं कर सकेंगे।