कांग्रेस प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने बयान जारी कर कहा कि सांसद का बयान अजीबोगरीब है।
- फोटो : अमर उजाला
कांग्रेस प्रवक्ता नरेन्द्र सलूजा ने बयान जारी कर कहा कि सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का बयान अजीबोगरीब है। उन्होंने कहा कि परदा उससे रखना चाहिए, जिसकी कुदृष्टि से डर हो। सलूजा ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपरा में कई धर्मों में महिलाएं परदा और घूंघट लेती हैं तो क्या वह किसी की कुदृष्टि से बचने के लिए परदा लेती हैं। वह तो अपने परिवार में बड़े-बुजुर्गों के सम्मान में परदा लेती हैं। सांसद का बयान महिलाओं और बुजुर्गों को अपमान है। उन्होंने अपने बयान से भारतीय संस्कृति और परंपरा को चुनौती दे दी है। प्रज्ञा ठाकुर की ऊल-जलूल बयान देना आदत बन चुकी है।
सलूजा ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि एक तरफ भाजपा की सरकार कहती है कि हमने हिजाब के ऊपर कोई बैन नहीं लगाया। दूसरी तरफ प्रज्ञा ठाकुर का हिजाब को लेकर बयान आया है। इससे साफ है कि भाजपा का या तो अपने नेताओं पर नियंत्रण नहीं है या हिजाब को लेकर वह दो नीतियों पर चल रही है। इस पर भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि उसकी हिजाब को लेकर ठोस नीति क्या है। सलूजा ने कहा कि सांसद प्रज्ञा ठाकुर का बयान और उनकी भाषा महिला होने के नाते उनको शोभा नहीं देती। उन्होंने अपने बयान से महिलाओं के साथ ही बढ़े बुजुर्गों का भी अपमान किया है। इसके लिए उनको माफी मांगनी चाहिए।
ये कहा था प्रज्ञा सिंह ने
बता दें कि प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा था कि सनानत धर्म में महिलाओं की पूजा होती है, लेकिन जिनके घरों में बहन का नाता नहीं है। जिनके घरों में बुआ-मौसी की लड़की, पिता की पहली पत्नी की लड़की... सबसे शादी कर सकते हैं, उन्हें घर में हिजाब पहनना चाहिए। जहां हिजाब पहनना है, वहां खिजाब लगाकर रखेंगे। जहां खिजाब लगाना है, वहां हिजाब पहनेंगे। यदि उल्टा करोगे तो उल्टा ही होगा। आप अपने मदरसों में हिजाब लगाओ, खिजाब लगाओ, हमें कोई मतलब नहीं। लेकिन आप देश के बाकी स्कूल-कॉलेजों का अनुशासन बिगाड़ेंगे तो यह हिंदुओं को बर्दाश्त नहीं होगा।